उत्तर प्रदेशबड़ी खबर
लखनऊ आगरा एक्सप्रेसवे पर बस-ट्रक की टक्कर, दो घायल
लखनऊ के काकोरी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस और ट्रक की टक्कर हो गई। पुलिस के मुताबिक हादसा सुबह करीब छह बजे रेवरी टोल प्लाजा से आगरा की ओर लगभग 500 मीटर आगे हुआ। बस दिल्ली के करोल बाग से सिद्धार्थनगर के बांसी जा रही थी।
टक्कर में बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस चालक करण यादव और महिला यात्री रजनी घायल हुईं। सूचना मिलने पर काकोरी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस से केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
हादसे के बाद बस बीच सड़क पर क्षतिग्रस्त अवस्था में खड़ी हो गई, जिससे एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को सड़क किनारे हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, बस में सवार अन्य 20 यात्री सुरक्षित हैं। उन्हें दूसरे वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।