Ramayana: श्रीराम के एक्शन सीन पर भड़के मुकेश खन्ना

मुकेश खन्ना ने कहा कि फिल्म में श्रीराम को जिस तरह से एक्शन करते हुए दिखाया गया है, वह उनकी पारंपरिक छवि से अलग नजर आता है। उन्होंने खास तौर पर ऐसे दृश्यों का जिक्र किया, जिनमें राम को पेड़ों पर चढ़कर तीर चलाते दिखाया गया है। खन्ना के मुताबिक, उन्होंने रामायण और रामलीला में श्रीराम की ऐसी प्रस्तुति पहले नहीं देखी।
अभिनेता ने अपनी टिप्पणी में कहा कि श्रीराम को सलमान खान, अमिताभ बच्चन और रजनीकांत जैसे एक्शन स्टार की शैली में पेश किया गया है। उन्होंने राम के चरित्र को ‘मर्यादा पुरुषोत्तम’ के रूप में प्रस्तुत किए जाने और गरिमा बनाए रखने पर जोर दिया।
मुकेश खन्ना ने फिल्म के स्पेशल इफेक्ट्स पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि अंतरराष्ट्रीय दर्शक इसे बड़े विजुअल तमाशे के तौर पर देख सकते हैं, लेकिन भारतीय दर्शकों के लिए राम का चरित्र धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था से जुड़ा है।
‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, रवि दुबे लक्ष्मण और यश रावण की भूमिका में हैं। फिल्म दो भागों में बनाई जा रही है। निर्माता नमित मल्होत्रा के अनुसार दोनों हिस्सों का कुल बजट करीब 500 मिलियन डॉलर यानी 4,000 करोड़ रुपये से अधिक बताया गया है।



