उत्तर प्रदेशबड़ी खबर

लखनऊ में एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, सीएम योगी की मौजूदगी में परखी गई आपातकालीन तैयारियां

हवाई हमले से लेकर केमिकल अटैक तक का अभ्यास, एनडीआरएफ-एसडीआरएफ ने दिखाया राहत-बचाव का दम

लखनऊ, 22 नवंबर। युद्ध जैसी आपात परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा, राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए रविवार को लखनऊ पुलिस लाइन में नागरिक सुरक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश की ओर से एयर रेड/ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज-2026 का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में आयोजित इस व्यापक मॉक ड्रिल में हवाई हमले, बम धमाके, आगजनी, इमारत ढहने, मलबे में लोगों के दबने, जहरीली गैस और रेडिएशन फैलने जैसी आपात स्थितियों का जीवंत प्रदर्शन किया गया। अभ्यास के दौरान नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों के साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज तथा स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने समन्वित तरीके से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर अपनी तैयारियों का प्रदर्शन किया।

मॉक ड्रिल की शुरुआत ब्लैकआउट और हवाई हमले के अलर्ट से हुई। सामान्य जनजीवन के बीच अचानक हवाई हमले की चेतावनी जारी की गई। देखते ही देखते क्षेत्र में ब्लैकआउट हो गया और बम धमाकों की आवाज के साथ अलग-अलग स्थानों पर आग लगने तथा इमारतों के क्षतिग्रस्त होने का दृश्य तैयार किया गया। हमले की स्थिति में मौजूद नागरिक जमीन पर पेट के बल लेट गए और अपने कान एवं आंखों को हाथों से ढककर सुरक्षित रहने का अभ्यास करते दिखाई दिए। वहीं, कुछ लोगों को नजदीकी सुरक्षित शेल्टर और भवनों के बेसमेंट में पहुंचाया गया।

*ब्लैकआउट और हवाई हमले से बचाव का दिया संदेश*

मॉक ड्रिल के दौरान बताया गया कि ब्लैकआउट का मुख्य उद्देश्य दुश्मन के विमानों को नीचे स्थित रिहायशी इलाकों की पहचान करने से रोकना है। रेड अलर्ट जारी होने पर घरों की सभी लाइटें बंद करना और खिड़की-दरवाजों से दूर सुरक्षित स्थान पर रहना जरूरी है। अभ्यास के दौरान एयरफोर्स स्टेशन से सिविल डिफेंस कंट्रोल रूम को हवाई हमला समाप्त होने का ग्रीन सिग्नल मिलने के बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। नागरिक सुरक्षा के वार्डनों ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर भेजा, ताकि बचाव अभियान में कोई बाधा न आए और अतिरिक्त जनहानि की आशंका न रहे।

*आग बुझाने के लिए दिखाए गए अलग-अलग तरीके*

हवाई हमले के बाद घटनास्थल पर कई जगह आग लगने का दृश्य तैयार किया गया। नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों ने अलग-अलग प्रकार की आग बुझाने के तरीकों का प्रदर्शन किया। सूखी लकड़ियों में लगी आग को वाटर टाइप अग्निशमन यंत्र से कूलिंग मेथड के जरिए बुझाया गया। पेट्रोल के छोटे टैंकर में लगी आग को भीगे कंबल से ढककर ऑक्सीजन की आपूर्ति रोकने वाले स्मूथरिंग मेथड से नियंत्रित किया गया। वहीं, रासायनिक पदार्थ में लगी आग पर फोम टाइप एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल किया गया। रेस्टोरेंट में गैस सिलेंडरों में आग लगने की स्थिति में भीगे कंबल और आसपास मौजूद ज्वलनशील वस्तुओं को हटाकर आग पर काबू पाने का तरीका दिखाया गया।

एक अन्य प्रदर्शन में नागरिक सुरक्षा के लखनऊ चीफ वार्डन अमरनाथ मिश्रा फायर सूट पहनकर धुएं से भरे क्षेत्र में दाखिल हुए और वहां फंसे घायल व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की टीम ने फायर टेंडर और होज पाइप की मदद से बड़ी आग पर काबू पाने का अभ्यास किया।

*बिना उपकरण के घायलों को सुरक्षित पहुंचाने का प्रदर्शन*

मॉक ड्रिल में बम धमाकों से घायल हुए लोगों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए उपलब्ध संसाधनों के इस्तेमाल का भी प्रदर्शन किया गया। नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों ने ह्यूमन क्रैडल यानी मानवीय पालना, पीठ पर उठाकर ले जाना, टू-हैंडेड सीट और मानवीय बैसाखी जैसे तरीकों से घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का अभ्यास किया।

सिर में चोट लगने से गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने के लिए दो बांस के डंडों और मोटे कपड़े की सहायता से अस्थायी स्ट्रेचर तैयार किया गया। स्वयंसेवकों ने पहले घायल के सिर पर पट्टी बांधकर रक्तस्राव रोकने का अभ्यास किया और फिर उसे स्ट्रेचर पर लिटाकर मेडिकल कैंप तक पहुंचाया।

*इमारत में फंसे लोगों को निकलाने के लिए अपनाए गए तरीके*

अभ्यास के दौरान बम विस्फोट से इमारत का हिस्सा ढहने और बाहर निकलने का रास्ता मलबे से बंद होने का दृश्य भी तैयार किया गया। इसमें पहली और दूसरी मंजिल पर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के तरीके दिखाए गए। एक प्रदर्शन में जाल और मोटे कपड़े की सहायता से बच्चे को ऊंचाई से सुरक्षित नीचे उतारा गया। वहीं, चोटिल व्यक्ति को नीचे लाने के लिए चेयर नॉट तकनीक का इस्तेमाल किया गया। रस्सी से विशेष प्रकार के दो फंदे बनाकर घायल को बैठी हुई स्थिति में सुरक्षित नीचे उतारने का प्रदर्शन किया गया, ताकि उसे अतिरिक्त चोट न पहुंचे।

इसके अलावा रेड अलर्ट के दौरान लॉक हुई कार में फंसे व्यक्ति को बाहर निकालने का अभ्यास किया गया। स्वयंसेवकों ने कार का शीशा तोड़कर दरवाजा खोला और घायल को बाहर निकाला। जांच में उसकी सांस और नाड़ी नहीं चलने की स्थिति प्रदर्शित की गई, जिसके बाद सीपीआर के जरिए जीवनरक्षक सहायता देने का अभ्यास किया गया। एंबुलेंस पहुंचने तक सीपीआर जारी रखने और मरीज को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का प्रदर्शन किया गया।

*एनडीआरएफ और एसडीआरएफ ने संभाला मोर्चा, मलबे में दबे लोगों की तलाश*

मॉक ड्रिल के अगले चरण में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डायल-112, फायर सर्विसेज और स्वास्थ्य विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। सभी टीम कमांडरों ने इंसिडेंट कमांडर से घटना की जानकारी प्राप्त की और इसके बाद अपने-अपने राहत एवं बचाव अभियान की रूपरेखा तैयार की। टीमों ने सबसे पहले घटनास्थल को सुरक्षित किया, ताकि कोई अनधिकृत व्यक्ति वहां प्रवेश न कर सके। इसके बाद स्टेजिंग एरिया, कमांड पोस्ट, कम्युनिकेशन पोस्ट और मेडिकल पोस्ट स्थापित किए गए।

एनडीआरएफ की टीम ने आपदा के दौरान संचार व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अपनी कम्युनिकेशन पोस्ट में क्यूडीए और एचएफ स्टेशन स्थापित किया। इसके माध्यम से आपात स्थिति में भी बचाव दलों के बीच संचार बनाए रखने की व्यवस्था बताई गई।

बहुमंजिला इमारत और मलबे में दबे लोगों को तलाशने के लिए फिजिकल, कैनाइन और टेक्निकल सर्च का प्रदर्शन किया। फिजिकल सर्च में जवानों ने आवाज लगाकर, मलबे पर हल्की चोट मारकर और पीड़ितों की प्रतिक्रिया सुनकर उनकी स्थिति का पता लगाने का तरीका दिखाया। इसके बाद प्रशिक्षित श्वान दस्ते ने मलबे में दबे लोगों की मौजूदगी का पता लगाने का अभ्यास किया। टेक्निकल सर्च में विक्टिम लोकेशन कैमरा, थर्मल इमेजिंग कैमरा और एकॉस्टिक सिस्मिक सेंसर जैसे उपकरणों की उपयोगिता बताई गई। पीड़ित की लोकेशन सुनिश्चित करने के बाद कटिंग उपकरणों की सहायता से मलबे में सुरक्षित रास्ता बनाकर उसे बाहर निकाला।

*घायलों को रेड और यलो समेत अन्य जोन में बांटा गया*

बड़ी दुर्घटना में एक साथ कई लोगों के घायल होने की स्थिति में प्राथमिकता के आधार पर इलाज उपलब्ध कराने के लिए ट्रायज प्रक्रिया का प्रदर्शन भी किया गया। स्वास्थ्य विभाग और एनडीआरएफ की मेडिकल टीम ने घायलों की स्थिति का आकलन कर उन्हें अलग-अलग रंगों के टैग दिए। लाल टैग उन घायलों के लिए निर्धारित किया गया, जिन्हें तत्काल उपचार की जरूरत है। पीला टैग गंभीर लेकिन कुछ समय तक इंतजार कर सकने वाले घायलों को दिया गया। हरा टैग मामूली चोट वाले और स्वयं चलने-फिरने में सक्षम लोगों के लिए निर्धारित किया गया, जबकि काला टैग ऐसे मामलों के लिए बताया गया, जिनमें व्यक्ति की मृत्यु हो चुकी हो या उसके बचने की संभावना न हो। इसके बाद घायलों को उनकी स्थिति के अनुसार संबंधित मेडिकल जोन में भेजने का अभ्यास किया गया।

*जहरीली गैस और रेडिएशन से निपटने का भी अभ्यास*

मॉक ड्रिल में केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल और न्यूक्लियर यानी सीबीआरएन आपात स्थिति से निपटने का विशेष प्रदर्शन किया गया। इसके तहत रिहायशी क्षेत्र में जहरीली गैस और रेडिएशन फैलने का परिदृश्य तैयार किया गया। एनडीआरएफ की सीबीआरएन टीम ने गैस मास्क, ब्रीदिंग ऑपरेटर सेट, ग्लव्स और गमबूट सहित व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण पहनकर प्रभावित क्षेत्र में प्रवेश किया।

टीम ने गैस डिटेक्टर, पर्सनल डोजीमीटर और केमिकल डिटेक्शन पेपर की मदद से गैस की पहचान और उसकी मात्रा का पता लगाने की प्रक्रिया दिखाई। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्र को हॉट, वार्म और कोल्ड जोन में विभाजित किया गया। हॉट जोन को सबसे अधिक दूषित क्षेत्र, वार्म जोन को डीकंटैमिनेशन यानी शुद्धिकरण की प्रक्रिया वाला क्षेत्र और कोल्ड जोन को सुरक्षित क्षेत्र के रूप में चिह्नित किया गया। सीबीआरएन टीम ने प्रभावित लोगों को स्ट्रेचर की सहायता से सुरक्षित बाहर निकालने और शुद्धिकरण की प्रक्रिया अपनाने का अभ्यास किया।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button