उत्तर प्रदेशबड़ी खबर

लखनऊ में प्लाटून कमांडर, ब्लॉक ऑर्गनाइजर और हवलदार प्रशिक्षक के 504 पदों के लिए हुई मुख्य परीक्षा

योगी सरकार में पारदर्शी और नकलविहीन भर्ती प्रक्रिया पर जोर, UPSSSC की दोनों परीक्षाएं शांतिपूर्ण संपन्न

लखनऊ, 22 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में सरकारी भर्तियों को पारदर्शी, निष्पक्ष और नकलविहीन बनाने के उद्देश्य से परीक्षा व्यवस्थाओं में तकनीक का व्यापक इस्तेमाल किया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की ओर से रविवार को आयोजित प्लाटून कमांडर/ब्लॉक ऑर्गनाइजर और हवलदार प्रशिक्षक मुख्य परीक्षा-2026 शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुई। दोनों परीक्षाएं लखनऊ के कुल 48 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की गईं।

पहली पाली में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक प्लाटून कमांडर/ब्लॉक ऑर्गनाइजर मुख्य परीक्षा आयोजित हुई। होमगार्ड्स मुख्यालय के अंतर्गत 295 पदों के लिए हुई इस परीक्षा में 11,781 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए थे, जिनमें से 6,211 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इस प्रकार 52.72 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

वहीं, दूसरी पाली में दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक हवलदार प्रशिक्षक मुख्य परीक्षा आयोजित की गई। इसके तहत 209 पदों के लिए 10,025 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए थे। इनमें से 4,777 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया। इस परीक्षा में 47.65 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। दोनों परीक्षाओं को मिलाकर कुल 504 पदों के लिए 21,806 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए थे, जिनमें से 10,988 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।

*एआई और बायोमेट्रिक तकनीक से अभ्यर्थियों की पहचान*

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए आयोग ने आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया। परीक्षा केंद्रों पर फेशियल रिकॉग्निशन (एआई), आधार आधारित प्रमाणीकरण और बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था की गई। प्रत्येक अभ्यर्थी का फोटो और आइरिस बायोमेट्रिक कैप्चर किया गया। इसके बाद प्रारंभिक अर्हता परीक्षा के दौरान दर्ज बायोमेट्रिक डाटा से एआई के माध्यम से मिलान किया गया। इससे किसी दूसरे व्यक्ति के स्थान पर परीक्षा देने की आशंका को रोकने में मदद मिली।

*1,200 सीसीटीवी कैमरों से हुई निगरानी*

परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए 136 सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट के साथ करीब 2,500 अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। सभी परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए 1,200 सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की गई। आयोग मुख्यालय और जिला मुख्यालयों पर कमांड एवं लाइव सीसीटीवी कंट्रोल रूम भी बनाए गए थे, जहां से परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर नजर रखी गई।

इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए गए थे, ताकि मोबाइल नेटवर्क या अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से अनुचित गतिविधियों को रोका जा सके। अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग की गई और मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच, स्मार्ट ग्लास सहित प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा कक्ष में ले जाने पर रोक रही। परीक्षा में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की भी बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य की गई थी।

*प्रशासन और पुलिस के समन्वय से संपन्न हुई परीक्षा*

परीक्षा से पहले केंद्रों का निरीक्षण, अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग तथा आवश्यक प्रशिक्षण कराया गया था। परीक्षा के दौरान किसी भी समस्या के त्वरित समाधान के लिए हेल्पलाइन की व्यवस्था भी की गई। जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, एसटीएफ और इंटेलिजेंस सहित संबंधित एजेंसियों के समन्वय से सुरक्षा एवं अनुशासन के इंतजाम किए गए।

आयोग के अनुसार अभ्यर्थियों के प्रवेश से लेकर परीक्षा समाप्त होने और परीक्षा सामग्री के सुरक्षित प्रबंधन तक निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन कराया गया। आयोग ने परीक्षा के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार जताया।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button