उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

60 हजार करोड़ का शाइन सिटी घोटालाः जब्त जमीन को बेच रहा मालिक राशिद नसीम, ED ने 23 ठिकानों पर मारे छापे

लखनऊ: यूपी के निवेशकों से करीब 60 हजार करोड़ रुपए ठगकर दुबई भाग चुके शाइन सिटी (Shine City) के मालिक राशिद नसीम और उसके गुर्गों के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कार्रवाई तेज कर दी है. शुक्रवार को एजेंसी ने शाइन सिटी की जब्त संपत्तियों को धोखाधड़ी कर बेचने वाले एजेंटों के 23 ठिकानों पर छापेमारी की. शुक्रवार शाम को शुरू हुई लखनऊ, दिल्ली, मुंबई, वाराणसी, आजमगढ़, प्रयागराज और हरदोई में यह छापेमारी देर रात तक जारी रही.

दरअसल, ईडी को शिकायत मिली थी कि, कानपुर नगर के नरवल तहसील के मौजा पुरवावीर गांव में ईडी द्वारा जब्त की जा चुकी 19 एकड़ जमीन को शाइन सिटी के एजेंट द्वारा बेचा जा रहा है. इसके बाद एजेंसी के अधिकारियों ने जांच शुरू कर कंपनी के एजेंटों की तलाश शुरू कर दी थी. जांच में सामने आया था कि, कंपनी ने कानपुर की इस जमीन की ही तरह यूपी के सात शहरों में भी जब्त जमीनों का सौदा किया है. इसी जांच के आधार पर एजेंसी ने लखनऊ में गोमतीनगर, गोमतीनगर विस्तार और आशियाना में छापा मारा. इसके अलावा आजमगढ़ में एक ब्लॉक प्रमुख के प्रतिनिधि के चेवार डोमनपुर गांव स्थित घर और मुंबई के ठिकानों पर छापा मारा गया. छापेमारी देर रात तक जारी रही.

ये है पूरा मामला

शाइन सिटी कंपनी, एमडी राशिद नसीम और उसके भाई आसिफ नसीम के समेत कंपनी के 50 से अधिक कर्मचारियों के खिलाफ यूपी समेत कई राज्यों में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज है. लखनऊ, दिल्ली, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम समेत कई राज्यों में 4 हजार से अधिक एफआईआर दर्ज है. सिर्फ लखनऊ के गोमती नगर थाने में ही 240 एफआईआर दर्ज है. ईडी ने अब तक शाइन सिटी की 128.54 करोड़ की जमीन जब्त की है. राशिद नसीम ने भाई आसिफ के साथ मिलकर दस लाख से अधिक लोगों की गाढ़ी कमाई लूट ली.

जांच एजेंसियों के मुताबिक, शाइन सिटी ने 60 हजार करोड़ से अधिक का घोटाला किया है. राशिद नसीम दुबई में ऐशो आराम की जिंदगी जी रहा जबकि भाई आसिफ लखनऊ जेल में बंद है. मामले की यूपी पुलिस की ईओडब्ल्यू विंग और ईडी जांच कर रही है. अब तक शाइन सिटी के 60 से अधिक अधिकारी व कर्मचारी गिरफ्तार किए जा चुके हैं.

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button