UPCATET 2026 रिजल्ट जारी, मेरठ-बलिया और मऊ के छात्रों ने किया टॉप

उत्तर प्रदेश संयुक्त कृषि एवं प्रौद्योगिकी प्रवेश परीक्षा (UPCATET-2026) का परिणाम घोषित कर दिया गया है। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने विधानसभा स्थित कार्यालय में बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति की उपस्थिति में परिणाम जारी किया। इस वर्ष स्नातक (यूजी) वर्ग में मेरठ के कंकरखेड़ा की कीरथ मसंद ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं परास्नातक (पीजी) वर्ग में बलिया के शिवम यादव और पीएचडी वर्ग में मऊ के अमन सिंह ने टॉप कर अपने-अपने जिलों का नाम रोशन किया।
इस वर्ष UPCATET-2026 का आयोजन 17 और 18 जून को उत्तर प्रदेश के 12 जिलों में किया गया था। परीक्षा के लिए कुल 18,827 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 16,349 परीक्षार्थी शामिल हुए। इनमें 14,802 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं और अब वे काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे। सफल अभ्यर्थियों में लगभग 73 प्रतिशत पुरुष और 27 प्रतिशत महिला उम्मीदवार शामिल हैं।
कृषि मंत्री ने सफल छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कृषि शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं की बढ़ती रुचि प्रदेश के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने परीक्षा के पारदर्शी और समयबद्ध आयोजन के लिए बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय की टीम की सराहना की। अब सफल अभ्यर्थियों को जल्द ही काउंसलिंग और सीट आवंटन की प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।



