सीएम योगी का बड़ा बयान, किसान की मोटर चोरी पर सख्त चेतावनी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले किसान अपने खेतों में जाने से डरता था और उसकी मोटर चोरी हो जाती थी। अब अपराधियों को कार्रवाई का डर है, इसलिए किसान की मोटर चोरी करने की घटनाओं पर अंकुश लगा है।
सीएम योगी ने अपने संबोधन में पिछली सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 से पहले सत्ता में बैठे लोगों की मिलीभगत से किसानों के खेतों से मोटर चोरी कराई जाती थी। मुख्यमंत्री ने मौजूदा सरकार में कानून का राज स्थापित होने का दावा करते हुए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही।
मुख्यमंत्री ने किसानों को लेकर सरकार की अन्य योजनाओं और उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 16 लाख से अधिक निजी ट्यूबवेल के करीब 3,000 करोड़ रुपये के बिजली बिल का भार सरकार ने उठाया है। साथ ही उन्होंने किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ मिलने और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार की बात कही।
योगी आदित्यनाथ ने कृषि विकास दर बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कृषि विकास दर को 8 प्रतिशत से बढ़ाकर 18 प्रतिशत तक पहुंचाया गया है और इसे आगे 30 प्रतिशत तक ले जाने की क्षमता प्रदेश में है। इसके लिए बेहतर गुणवत्ता वाले बीज और आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने की जरूरत बताई।
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त मंडी सचिवों से मंडियों में किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने मंडियों की साफ-सफाई, सड़कों, शेड और उपज की खरीद व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया। साथ ही किसानों को ई-नाम, ड्रिप इरिगेशन, स्प्रिंकलर और वैल्यू एडिशन जैसी आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने की बात कही।



