
अल्मोड़ा में पांच वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के मामले में विशेष POCSO अदालत ने दोषी को 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। विशेष सत्र न्यायाधीश (POCSO) श्रीकांत पांडेय की अदालत ने देव सिंह को दोषसिद्ध करते हुए 10 हजार रुपये के अर्थदंड से भी दंडित किया।
अभियोजन के अनुसार, सितंबर 2024 में बच्ची के पिता ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि आरोपी बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने कमरे में ले गया और उसके साथ लैंगिक अपराध किया। शिकायत के आधार पर POCSO अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने घटना से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए और बच्ची का चिकित्सीय परीक्षण कराया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से आठ गवाह न्यायालय में पेश किए गए। अदालत ने दस्तावेजी साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर आरोपी को दोषी ठहराया।
अदालत के आदेश के अनुसार आरोपी द्वारा पहले से जेल में बिताई गई अवधि को सजा की अवधि में समायोजित किया जाएगा। अर्थदंड की राशि में से चार लाख रुपये पीड़िता को प्रतिकर के रूप में दिए जाने का भी प्रावधान किया गया है।



