ऑस्ट्रेलिया में रग्बी फैंस की भीड़ में घुसी कार, 10 घायल

यह हादसा शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे न्यूकैसल के वॉल्सेंड इलाके में हुआ। बड़ी संख्या में रग्बी प्रशंसक न्यूकैसल नाइट्स टीम को उसके NRL ग्रैंड फाइनल के लिए सिडनी रवाना होने से पहले विदाई देने के लिए सड़क पर जमा थे।
न्यू साउथ वेल्स पुलिस के मुताबिक, 18 वर्षीय कार चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि कार चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया था। पुलिस ने कहा है कि घटना आतंकवाद से संबंधित नहीं मानी जा रही है।
घायल 10 लोगों में दो की हालत गंभीर बताई गई है। इनमें पांच साल की बच्ची और 67 वर्षीय व्यक्ति शामिल हैं, जबकि अन्य आठ लोगों की हालत स्थिर है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
हादसे के बाद न्यूकैसल नाइट्स टीम की बस का निर्धारित रूट बदल दिया गया। मौके पर पुलिस, एंबुलेंस और हेलीकॉप्टर समेत बड़ी संख्या में आपातकालीन सेवाएं पहुंचीं। पुलिस ने लोगों से घटनास्थल से सुरक्षित तरीके से हटने की अपील की।
नोट: शुरुआती रिपोर्टों में घायलों की संख्या 9 बताई गई थी, लेकिन बाद में न्यू साउथ वेल्स पुलिस/ABC की अपडेट में संख्या 10 बताई गई।



