
सेवा संकल्प अभियान के तहत नानकमत्ता साहिब गुरुद्वारा परिसर में विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री धामी ने गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
स्वच्छता अभियान के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं परिसर की साफ-सफाई में श्रमदान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में धार्मिक स्थलों के साथ सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता पर भी लगातार ध्यान देना जरूरी है।
गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब प्रबंधक कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री धामी को सरोपा और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने भी हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी विशेष कार्यक्रम या अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसे निरंतर जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने की जरूरत है, ताकि धार्मिक स्थलों, सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों, बस अड्डों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छ वातावरण बनाए रखा जा सके।



