असम में कार हादसा, एक परिवार के 3 की मौत

पुलिस के अनुसार हादसा असम के कामरूप मेट्रोपॉलिटन जिले के खेतड़ी इलाके में हुआ। कार गुवाहाटी से नगांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर हाईवे की सुरक्षा रेलिंग से जा टकराया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान मोनिमा बेगम, रिबुल अली और अमीरउद्दीन के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे में पुटुमाई बेगम, अनीसुर सुल्तान और रुस्तम अली गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों को तत्काल सोनापुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई गई है।
प्रारंभिक जानकारी में कार की तेज रफ्तार और चालक के नियंत्रण खोने की बात सामने आई है, हालांकि हादसे की सटीक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।
खेतड़ी इलाके में इससे पहले भी सड़क हादसे हो चुके हैं। 30 अगस्त को इसी क्षेत्र में ट्रक और मिनी बस की टक्कर में सात लोगों की मौत हुई थी। उस समय असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने हाईवे के खराब रखरखाव को हादसों की एक वजह बताया था।



