
NHAI ने हाईवे पर स्वच्छता और यात्रियों की सुविधा बेहतर बनाने के लिए ‘Clean Toilet Picture Challenge’ शुरू किया है। इस पहल के तहत राष्ट्रीय राजमार्गों पर NHAI के अधिकार क्षेत्र वाले टोल प्लाजा के अस्वच्छ शौचालयों की शिकायत करने वाले यात्रियों को ₹1,000 का FASTag रिचार्ज इनाम के तौर पर दिया जाता है।
इस योजना का लाभ लेने के लिए सबसे पहले Rajmargyatra मोबाइल ऐप का लेटेस्ट वर्जन इस्तेमाल करना होगा। हाईवे पर NHAI के टोल प्लाजा का गंदा टॉयलेट मिलने पर उसकी साफ फोटो ऐप के जरिए अपलोड करनी होगी। फोटो जियो-टैग्ड और टाइम-स्टैम्प्ड होनी चाहिए।
फोटो के साथ यूजर को अपना नाम, स्थान, वाहन रजिस्ट्रेशन नंबर यानी VRN और मोबाइल नंबर भी दर्ज करना होगा। रिपोर्ट की जांच AI आधारित स्क्रीनिंग और जरूरत पड़ने पर मैनुअल वेरिफिकेशन के जरिए की जाएगी।
सत्यापन के बाद पात्र वाहन के लिंक्ड FASTag में ₹1,000 का रिचार्ज किया जाएगा। यह रकम नकद नहीं दी जाती और न ही इसे ट्रांसफर किया जा सकता है। एक वाहन रजिस्ट्रेशन नंबर को पूरी योजना अवधि में केवल एक बार इस इनाम का लाभ मिलेगा।
ध्यान रखें कि योजना केवल NHAI के अधिकार क्षेत्र में आने वाले शौचालयों पर लागू है। पेट्रोल पंप, ढाबे या अन्य ऐसी सार्वजनिक सुविधाओं के टॉयलेट जो NHAI के नियंत्रण में नहीं हैं, इस योजना के दायरे में नहीं आते। एक ही टॉयलेट के लिए एक दिन में कई शिकायतें आने पर केवल पहली वैध रिपोर्ट को इनाम के लिए माना जाएगा।
NHAI की इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को हाईवे पर बेहतर और स्वच्छ सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ लोगों को सफाई व्यवस्था की निगरानी में भागीदार बनाना है। अभियान की अवधि बढ़ाकर 30 जून 2027 तक कर दी गई है, इसलिए पात्र यात्री इस अवधि में रिपोर्ट कर सकते हैं।



