उत्तर प्रदेश

यूपी के शिक्षकों को स्मार्ट क्लास और AI की ट्रेनिंग मिलेगी

उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए शिक्षकों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाया जाएगा। समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश की ओर से ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण के लिए ‘उत्तर प्रदेश डिजिटल कौशल मार्गदर्शिका’ तैयार की गई है। इसके माध्यम से शिक्षक स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, डिजिटल लाइब्रेरी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का प्रभावी इस्तेमाल करना सीखेंगे।

डिजिटल शिक्षा के लिए शिक्षकों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ाई को अधिक आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में नई पहल की गई है। अब शिक्षकों को केवल पारंपरिक तरीके से पढ़ाने के बजाय डिजिटल संसाधनों का इस्तेमाल करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश ने ‘उत्तर प्रदेश डिजिटल कौशल मार्गदर्शिका’ तैयार की है। इसका उद्देश्य शिक्षकों को तकनीक के बेहतर उपयोग के साथ विद्यार्थियों की सीखने संबंधी जरूरतों को समझने में सक्षम बनाना है।

स्मार्ट क्लास और आईसीटी लैब चलाना सीखेंगे शिक्षक

प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को स्कूलों में उपलब्ध स्मार्ट क्लासरूम, आईसीटी लैब और डिजिटल पुस्तकालय के उपकरणों की जानकारी दी जाएगी। इसमें इंटरैक्टिव फ्लैट पैनल, कंप्यूटर, ओपीएस, यूपीएस, वाई-फाई राउटर, प्रिंटर और वेब कैमरा जैसे उपकरणों का संचालन शामिल है। शिक्षकों को उपकरणों को सही तरीके से चालू और बंद करने के साथ उनके रखरखाव की जानकारी भी दी जाएगी।

दीक्षा और पीएम ई-विद्या से मिलेगी पढ़ाई की सामग्री

शिक्षक दीक्षा, एलएमएस, पीएम ई-विद्या और खान एकेडमी जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करना सीखेंगे। दीक्षा पर कक्षा एक से आठ तक की 82 क्यूआर कोड युक्त पाठ्यपुस्तकों और 16 हजार से अधिक शैक्षिक वीडियो का उल्लेख किया गया है। शिक्षक किताबों में दिए गए क्यूआर कोड स्कैन कर संबंधित वीडियो और गतिविधियों को कक्षा में दिखा सकेंगे।

इसके अलावा पीएम ई-विद्या के जरिए टीवी, रेडियो और ऑफलाइन माध्यमों से भी शिक्षण सामग्री का उपयोग किया जा सकेगा। मार्गदर्शिका में प्रत्येक कालांश में कम से कम 10 मिनट डिजिटल सामग्री के इस्तेमाल का सुझाव दिया गया है। इंटरनेट उपलब्ध नहीं होने पर पहले से डाउनलोड सामग्री या पेन ड्राइव के जरिए पढ़ाई जारी रखी जा सकेगी।

डिजिटल लाइब्रेरी में पांच हजार से अधिक ई-पुस्तकें

डिजिटल लाइब्रेरी के माध्यम से शिक्षकों और विद्यार्थियों को पांच हजार से अधिक ई-पुस्तकों, पत्रिकाओं, समाचार-पत्रों के डिजिटल संस्करण और ऑडियो बुक का लाभ मिल सकेगा। इन संसाधनों की मदद से शिक्षक पाठ्यक्रम को अधिक रोचक तरीके से पढ़ा सकेंगे और विद्यार्थियों की समझ का आकलन भी कर सकेंगे।

AI से पाठ योजना और प्रश्नपत्र तैयार करने का प्रशिक्षण

इस प्रशिक्षण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के जिम्मेदार इस्तेमाल पर भी विशेष जोर दिया गया है। शिक्षक AI की मदद से पाठ योजना, प्रश्न, कार्यपत्रक और अलग-अलग कठिनाई स्तर की गतिविधियां तैयार करना सीखेंगे। हालांकि AI से तैयार सामग्री को सीधे इस्तेमाल करने के बजाय उसकी तथ्यात्मक शुद्धता और पाठ्यक्रम के अनुरूपता की जांच शिक्षकों को स्वयं करनी होगी।

मार्गदर्शिका में विद्यार्थियों की निजी जानकारी की सुरक्षा को भी महत्वपूर्ण बताया गया है। शिक्षकों को निर्देश दिया गया है कि बच्चों के नाम, फोटो, यू-डायस कोड या अन्य गोपनीय जानकारी किसी AI प्लेटफॉर्म पर साझा न करें।

बच्चों की पढ़ाई और प्रगति की होगी डिजिटल निगरानी

डिजिटल माध्यमों से विद्यार्थियों का आकलन कर उनकी सीखने संबंधी कठिनाइयों की पहचान की जा सकेगी। शिक्षक एलएमएस और दीक्षा के प्रश्नों के जरिए बच्चों की समझ जांच सकेंगे और परिणाम निपुण प्लस ऐप पर दर्ज कर सकेंगे। यदि किसी प्रश्न का आधे से अधिक बच्चे गलत जवाब देते हैं, तो संबंधित विषय या अवधारणा को दोबारा पढ़ाने का सुझाव दिया गया है।

इससे शिक्षकों को यह समझने में मदद मिलेगी कि किस विद्यार्थी को किस विषय में अतिरिक्त सहायता की जरूरत है। जरूरत के अनुसार दोबारा अभ्यास और उपचारात्मक शिक्षण कराया जा सकेगा।

तकनीकी समस्या होने पर शिकायत दर्ज कराने की सुविधा

मार्गदर्शिका में स्कूलों के डिजिटल उपकरणों के रखरखाव और तकनीकी समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया भी शामिल की गई है। उपकरण खराब होने या संचालन में परेशानी आने पर शिक्षक विद्या समीक्षा केंद्र के टोल-फ्री नंबर और प्रेरणा पोर्टल के शिकायत मॉड्यूल के माध्यम से समस्या दर्ज करा सकेंगे।

महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य डिजिटल उपकरणों और शैक्षिक मंचों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना है, ताकि विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार हो और कक्षा शिक्षण अधिक रोचक एवं परिणामोन्मुख बन सके।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button