UP News: 63,625 गांवों में नियमित जलापूर्ति, SCADA से होगी निगरानी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंचाने के लिए जल जीवन मिशन के तहत काम कर रही है। इस अभियान में अब केवल नल कनेक्शन उपलब्ध कराने पर ही नहीं, बल्कि पेयजल योजनाओं के नियमित संचालन और लंबे समय तक रखरखाव पर भी जोर दिया जा रहा है। इसी दिशा में SCADA/Automation तकनीक को अपनाया जा रहा है।
SCADA सिस्टम से कार्यालय में बैठकर होगी निगरानी
SCADA एक आधुनिक डिजिटल मॉनिटरिंग और कंट्रोल सिस्टम है। इसके जरिए सेंसर और उपकरणों से मिलने वाले आंकड़ों की मदद से पानी की टंकियों का स्तर, पाइपलाइन में जल प्रवाह, पंपों की स्थिति और दबाव की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। यदि किसी गांव की पेयजल योजना में पंप बंद हो जाता है या कोई तकनीकी खराबी आती है, तो संबंधित अधिकारियों को समय रहते इसकी जानकारी मिल सकेगी। इससे समस्या का समाधान जल्दी करने में मदद मिलेगी।
13,700 पेयजल योजनाओं में पूरा हुआ ऑटोमेशन का काम
विभागीय जानकारी के अनुसार, जल जीवन मिशन के तहत उत्तर प्रदेश की कुल 36,374 पेयजल योजनाओं में SCADA/Automation प्रणाली प्रस्तावित है। इनमें संचालित, अनुरक्षण और ट्रायल रन वाली लगभग 13,700 योजनाओं में ऑटोमेशन का काम पूरा हो चुका है। इसके अलावा विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्रों की पुरानी जल निगम योजनाओं में भी इस तकनीक को लगाया जा रहा है।
बिजली की बचत और रखरखाव में भी मिलेगी मदद
SCADA सिस्टम से पंपों के संचालन और बिजली की खपत का रिकॉर्ड उपलब्ध होगा। इससे जरूरत के अनुसार पंप चलाने और ऊर्जा का बेहतर इस्तेमाल करने में मदद मिलेगी। पंप कितने घंटे चले और उनकी कार्यशीलता कैसी रही, इसकी जानकारी मिलने से समय पर रखरखाव की योजना भी तैयार की जा सकेगी। इसके साथ ही उपयुक्त सेंसर उपलब्ध होने पर क्लोरीन और पानी की गंदलापन जैसे गुणवत्ता संबंधी मानकों की निगरानी में भी सहायता मिलेगी। हालांकि, सुरक्षित पेयजल सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित प्रयोगशाला जांच भी जरूरी रहेगी।
इस तकनीकी पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं का संचालन अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की उम्मीद है। जलापूर्ति में आने वाली बाधाओं की जल्द पहचान, शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई और योजनाओं के बेहतर रखरखाव से गांवों के परिवारों को नियमित पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयासों को मजबूती मिल सकती है।



