उत्तर प्रदेशबड़ी खबर

अयोध्या-मिथिला का पौराणिक मिलन, सरयू-कमला एक्सप्रेस से फिर मजबूत होंगे राम-जानकी के रिश्ते: मुख्यमंत्री

अयोध्या, 23 नवंबर। अयोध्या और मिथिला की सदियों पुरानी सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और पारिवारिक विरासत को आधुनिक रेल संपर्क के माध्यम से नई मजबूती मिलने जा रही है। अयोध्या धाम और जनकपुर धाम के बीच शुरू की गई सरयू-कमला एक्सप्रेस भारत और नेपाल के ऐतिहासिक संबंधों को नई ऊंचाई देने के साथ दोनों देशों के श्रद्धालुओं, व्यापारियों और आम नागरिकों के आवागमन को सुगम बनाएगी। यह केवल दो धार्मिक नगरों को जोड़ने वाली रेल सेवा नहीं, बल्कि साझा विरासत, जनआस्था और आर्थिक संभावनाओं को एक साथ जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी है। अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विरासत और विकास’ के दृष्टिकोण का उदाहरण बताया।
उन्होंने कहा कि मां सरयू की पावन धारा से सिंचित अयोध्या और मां कमला के जल से अभिसिंचित माता जानकी की भूमि जनकपुर का यह जुड़ाव दोनों देशों के हजारों वर्षों पुराने संबंधों को नया विस्तार देगा। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक पहल से नेपाल के श्रद्धालु सीधे अयोध्या आकर रामलला के दर्शन कर सकेंगे, वहीं भारत के श्रद्धालुओं को जनकपुर धाम में माता जानकी के दर्शन की सुविधा मिलेगी। यह दोनों देशों की चिरस्थायी मित्रता और आपसी विश्वास को और सुदृढ़ करेगी।

राम-जानकी परंपरा में रचा-बसा है भारत-नेपाल का रिश्ता

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल का संबंध केवल दो पड़ोसी देशों का राजनीतिक या भौगोलिक संबंध नहीं है, बल्कि यह हजारों वर्षों की साझा आस्था, आत्मीयता, संस्कृति और पारिवारिक रिश्तों से बना है। इसे राम-जानकी की परंपरा में ‘रोटी-बेटी का रिश्ता’ कहा जाता है। महर्षि विश्वामित्र के साथ भगवान श्रीराम और लक्ष्मण का मिथिला जाना तथा विवाह के उपरांत महाराजा दशरथ की बारात का अयोध्या से जनकपुर पहुंचना आज भी दोनों क्षेत्रों की सांस्कृतिक स्मृतियों में जीवंत है। विवाह पंचमी सहित विभिन्न पारंपरिक आयोजनों में इस प्रसंग को उत्सव के रूप में मनाया जाता है। अयोध्या के लोग आज भी जनकपुर को अपना ससुराल मानते हैं और मिथिला क्षेत्र में भगवान श्रीराम को पाहुन मानकर उनके प्रति विशेष आत्मीयता और सम्मान का भाव है।

उन्होंने कहा कि जनकपुर के राम-जानकी विवाह मंडप में विवाह पंचमी का उत्सव मनाया जाता है तो अयोध्या में भी मंगल गीत गूंजते हैं। पिछले वर्ष विवाह पंचमी के अवसर पर ही श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा की स्थापना हुई थी। श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के लगभग 500 वर्षों के लंबे संघर्ष का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस यात्रा में नेपाल के संतों, युवाओं, माताओं-बहनों और सामान्य श्रद्धालुओं का त्याग एवं सहयोग सदैव स्मरणीय रहेगा। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर माता जानकी के मायके जनकपुर धाम से सैकड़ों श्रद्धालु मंगल उपहार लेकर स्नेहपूर्वक अयोध्या पहुंचे थे।

पशुपतिनाथ से काशी विश्वनाथ और लुंबिनी से कुशीनगर तक साझा आध्यात्मिक विरासत

मुख्यमंत्री ने भारत-नेपाल के धार्मिक और आध्यात्मिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर और काशी के बाबा विश्वनाथ धाम के बीच सदियों से आध्यात्मिक जुड़ाव रहा है। उत्तर प्रदेश के श्रद्धालु पीढ़ियों से मुक्तिनाथ और पशुपतिनाथ की यात्रा करते आ रहे हैं। मकर संक्रांति पर गोरखनाथ मंदिर में नेपाल से भेजी गई खिचड़ी चढ़ाने की परंपरा तथा चैत्र नवरात्र में नेपाल से देवीपाटन शक्तिपीठ आने वाली श्रद्धालुओं की यात्रा दोनों देशों के बीच आस्था के इसी रिश्ते को प्रदर्शित करती है। उन्होंने भगवान बुद्ध की साझा विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका जन्म नेपाल के लुंबिनी में हुआ, जबकि उनके जीवन, साधना और धर्म की यात्रा के अनेक महत्वपूर्ण पड़ाव उत्तर प्रदेश से जुड़े हैं। कपिलवस्तु-पिपरहवा, श्रावस्ती, सारनाथ और कुशीनगर आज भी इस विरासत को जीवंत बनाए हुए हैं। जुलाई 2025 में भगवान बुद्ध के पवित्र पिपरहवा अवशेष 127 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद हांगकांग से भारत वापस लाए गए, जो गौरव का विषय है। पिपरहवा उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में भारत-नेपाल सीमा के निकट स्थित है।

मुख्यमंत्री ने नदियों के माध्यम से भी दोनों देशों के प्राकृतिक और सांस्कृतिक संबंधों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि नेपाल के हिमालयी क्षेत्र से निकलने वाली कर्णाली, गंडकी, राप्ती और महाकाली जैसी नदियां उत्तर प्रदेश में घाघरा यानी सरयू, गंडक, राप्ती और शारदा के रूप में यहां के खेतों और जनजीवन को समृद्ध करती हैं। सरयू की लहरों और जनकपुर की मंगल ध्वनियों में दोनों क्षेत्रों का साझा सांस्कृतिक भाव दिखाई देता है।

खुली सीमा और ‘पड़ोसी प्रथम’ की नीति से मजबूत हो रहे संबंध

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल की खुली सीमा दुनिया में आपसी विश्वास का अनूठा उदाहरण है। प्रतिदिन हजारों लोग व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पारिवारिक संबंधों के लिए दोनों देशों के बीच आवागमन करते हैं। सुख-दुख की हर घड़ी में भारत और नेपाल एक-दूसरे के साथ खड़े रहते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की नीति ‘पड़ोसी प्रथम’ की भावना के अनुरूप है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के सात जिले पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज नेपाल के साथ लगभग 600 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-नेपाल संबंधों को मजबूत बनाने के लिए हाईवे, आई-वे और ट्रांस-वे के माध्यम से सड़क, डिजिटल, ऊर्जा, सूचना और रेल संपर्क को विस्तार देने का दृष्टिकोण रखा है। सरयू-कमला एक्सप्रेस इसी रेल संपर्क की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनकपुर के माता जानकी मंदिर परिसर से जनकपुर-अयोध्या बस सेवा को हरी झंडी दिखाए जाने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस समय अयोध्या में पहली बस का स्वागत करने का अवसर मिला था। अब रेल संपर्क के माध्यम से दोनों धामों के बीच संबंधों को और विस्तार मिल रहा है।

रुपईडीहा से सोनौली तक सीमा क्षेत्र में कनेक्टिविटी और व्यापार का विस्तार

मुख्यमंत्री ने नेपाल सीमा से जुड़े उत्तर प्रदेश के क्षेत्रों में विकसित हो रहे बुनियादी ढांचे की जानकारी देते हुए कहा कि रुपईडीहा में नेपाल बॉर्डर पर प्रदेश का पहला लैंड पोर्ट तैयार है। भारत से नेपाल को होने वाले निर्यात का बड़ा हिस्सा इसी मार्ग से जाता है। रुपईडीहा सीमा के आसपास औद्योगिक और लॉजिस्टिक कॉरिडोर विकसित करने की कार्ययोजना पर भी काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लखनऊ-रुपईडीहा कॉरिडोर के अंतर्गत बाराबंकी-बहराइच फोरलेन हाईवे के निर्माण से रुपईडीहा से नेपालगंज तक यात्रा में लगने वाले समय में लगभग आधी कमी आएगी। बहराइच के सीमावर्ती रुपईडीहा-नेपालगंज रोड क्षेत्र को नानपारा-बहराइच के रास्ते ब्रॉडगेज और विद्युतीकृत रेल नेटवर्क से जोड़ दिया गया है। इससे सीमा क्षेत्र में जनसंपर्क और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। सोनौली-भैरहवा इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का निर्माण भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। यहां पब्लिक टर्मिनल बिल्डिंग, कार्गो टर्मिनल बिल्डिंग और वेयरहाउस जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले सप्ताह ही 1,450 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 80 किलोमीटर लंबे गोरखपुर-सोनौली मार्ग का लोकार्पण किया गया। नेपाल सीमा से सिद्धार्थनगर और बस्ती होते हुए प्रयागराज तक फोरलेन कॉरिडोर विकसित करने की योजना पर भी काम चल रहा है।

उन्होंने 750 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित छह लेन के गोरखपुर-शामली ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल सीमा के बीच संपर्क मजबूत होगा। वहीं, अयोध्या से सीतामढ़ी होते हुए जनकपुर की ओर जाने वाला श्रीराम-जानकी मार्ग भी आकार ले रहा है। इन परियोजनाओं से भारत-नेपाल के बीच व्यापार, पर्यटन और सामाजिक संपर्क के नए अवसर तैयार होंगे।

अयोध्या में आधुनिक कनेक्टिविटी से धार्मिक पर्यटन को मिल रहा विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी उपेक्षा का सामना करने वाली अयोध्या आज आधुनिक और विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे के साथ विकसित हो रही है। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के माध्यम से भगवान श्रीराम की नगरी को देश और दुनिया से जोड़ा गया है। पहले जहां अयोध्या में सिंगल रेल लाइन की कनेक्टिविटी थी, वहीं अब डबल रेल लाइन के साथ वंदे भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों का संचालन हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरयू-कमला एक्सप्रेस धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से रामायण सर्किट और बौद्ध सर्किट को भी नई गति प्रदान करेगी। यह ट्रेन मां जानकी के प्राकट्य स्थल सीतामढ़ी से होकर गुजरेगी, जहां पुनौरा धाम में माता सीता को समर्पित भव्य मां जानकी मंदिर और आध्यात्मिक नगरी का निर्माण किया जा रहा है।

10 स्टेशनों पर ठहराव से पर्यटन, व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के 10 महत्वपूर्ण मध्यवर्ती स्टेशनों पर सरयू-कमला एक्सप्रेस के ठहराव से सीमावर्ती क्षेत्रों में धार्मिक पर्यटन, व्यापार, होटल व्यवसाय, स्थानीय शिल्प और परिवहन के क्षेत्र में हजारों नए रोजगार अवसर सृजित होने की संभावनाएं हैं। इस रेल सेवा से दोनों देशों के नागरिकों के बीच पीपल-टू-पीपल कनेक्ट और आपसी विश्वास भी मजबूत होगा। उन्होंने विशेष रूप से जनकपुर की मिथिला पेंटिंग से जुड़ी महिलाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह रेल सेवा उनके आर्थिक सशक्तीकरण का माध्यम भी बनेगी। बेहतर आवागमन से स्थानीय हस्तशिल्प को नए बाजारों तक पहुंचाने और महिला कारीगरों के लिए आर्थिक अवसर बढ़ाने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि रामायण सर्किट और बौद्ध सर्किट दोनों का केंद्र उत्तर प्रदेश है और इनका विस्तार नेपाल तक है। ऐसे में सरयू-कमला एक्सप्रेस केवल यातायात की सुविधा नहीं, बल्कि दोनों देशों की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।

कार्यक्रम में दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह केपी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव उपस्थित रहे, जबकि अयोध्या धाम से प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, अयोध्या धाम के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडे, विधायकगण रामचंद्र यादव, अमित सिंह चौहान, अभय सिंह, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, महाप्रबंधक उत्तर रेलवे राजेश पांडे, मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा मौजूद रहे।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button