
लखनऊ। पीडीए यानी कि पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक के बाद समाजवादी पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले ब्राह्मणों को साधने में जुट गई है। इसको लेकर रविवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में ब्राह्मण महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में सपा मुखिया अखिलेश यादव बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए हैं।
वहीं इस ब्राह्मण महापंचायत में प्रदेश भर से तमाम ब्राह्मण नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए हैं। महापंचायत में सपा मुखिया अखिलेश यादव ब्राह्मणों नेताओं के साथ बैठक कर रहे हैं। दरअसल, ब्राह्मणों को लुभाने के लिए सपा कार्यालय पर ब्राह्मण महापंचायत का आयोजन किया गया है। इस आयोजन के बाद प्रदेश के हर जिले में ब्राह्मण महापंचायत का आयोजन किया जायेगा।
ब्राह्मण महापंचायत में राष्ट्रीय कार्यरत पार्टी के तमाम पदाधिकारी भी शामिल हुए हैं। बता दें कि ब्राह्मण महापंचायत का आयोजन राष्ट्रीय कार्यरत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष टुनटुन पांडे कर रहे हैं। वहीं इस आयोजन में राष्ट्रीय कार्यरत पार्टी के संरक्षक राम नक्षत्र पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पांडेय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष तिवारी समेत कई पदाधिकारी शामिल हुए हैं। वहीं इस कार्यक्रम में फिलहाल मीडिया कर्मियों के प्रवेश पर रोक लगी हुई है।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव नजदीक है कि ऐसे में सपा ने अभी से ही अपनी चुनावी तैयारियां करना शुरू कर दिया है। सपा इस बार लोकसभा चुनाव के लिए कोई कोर कसर बाकी नहीं रखना चाहती है।