CM योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- सुरक्षा हटे तो भीगी बिल्ली बनेंगे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और पुलिस सुधारों को लेकर पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश के कई जिलों में माफिया का प्रभाव था और पुलिस के सामने कानून-व्यवस्था की बड़ी चुनौतियां थीं।
मुख्यमंत्री ने विपक्षियों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि बंद कमरे में बैठकर किसी के प्रति टिप्पणी करना आसान है। उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति कितना भी बड़ा क्यों न हो, सुरक्षा हटने के बाद अराजकता के माहौल में उसे भीगी बिल्ली बनने में देर नहीं लगेगी। यह बयान उन्होंने पुलिस सुधार और सुरक्षित वातावरण के महत्व पर चर्चा के दौरान दिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 87 अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहनों को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा उत्तर प्रदेश के सामने बड़ी चुनौती है और तकनीक तथा प्रभावी प्रवर्तन के जरिए सड़क दुर्घटनाओं को कम करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने पुलिस आधुनिकीकरण में तकनीक की भूमिका पर भी जोर दिया। उनके अनुसार, प्रदेश के शहरों में 14 लाख से अधिक कैमरे लगाए गए हैं और जिलों में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किए गए हैं। कार्यक्रम में पूर्व डीजीपी प्रकाश सिंह की पुस्तक ‘संघर्ष’ का विमोचन भी किया गया।



