
बहराइच। जिले के भकुरहा गांव में ससुराल में आए युवक का शव शनिवार को आम के पेड़ से फंदे से लटकता मिला। इससे हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
खबर के मुताबिक खैरी घाट थाना क्षेत्र अंतर्गत भकुरहा गांव के बाहर सड़क के किनारे खेत में लगे आम के पेड़ पर बरूही टेपरी गांव निवासी भोला पुत्र कैलाश का शव फांसी के फंदे से लटकता हुआ ग्रामीणों ने देखी। जिसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ परिजनों को सूचना दी। परिवार के लोग रोते बिलखते मौके पर पहुंचे।
परिजनों ने बताया कि मृतक भकुरहा गांव निवासी तालुक राम के यहां दो दिन पूर्व अपनी ससुराल पत्नी संगीता की विदाई कराने के लिए आया था। सूचना के बाद मौके पर प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र बहादुर सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। शव को फंदे से उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जांच शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र बहादुर सिंह ने बताया है कि परिजनों की तहरीर पर पोस्टमार्टम की कार्यवाही पूरी कर जांच की जा रही है रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। मृतक अपने पीछे पत्नी संगीता व एक तीन वर्षीय लड़की पीछे छोड़ गया है।