
पयागपुर/ बहराइच। श्याम परिवार पयागपुर के तत्वाधान में शनिवार को फाल्गुन मेले के अवसर पर भव्य निशान शोभा यात्रा का आयोजन हुआ। अबीर गुलाल उड़ाते हुए श्याम भजनों पर श्रद्धालु झूमते दिखे। खाटू श्याम के जयकारों से पयागपुर कस्बा गूंज उठा, 3 दिन पहले ही नगर की सड़कों पर होली का माहौल नजर आया। पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी नें निशान शोभा यात्रा की अगुवानी की।
खाटू धाम में फाल्गुन मेले का भव्य आयोजन होता है। जिसमे देश विदेश से लाखो श्याम भक्त राजस्थान के रिंगस से खाटू धाम तक निशान शोभायात्रा में शामिल होकर अपने मन की मुराद मांगते है।
खाटू धाम की तर्ज पर ही पयागपुर में श्याम परिवार द्वारा स्थापित त्रिदेव मंदिर की स्थापना हुई है। इस त्रिदेव मंदिर में पहली बार फाल्गुन मेला और निशान उत्सव का आयोजन चल रहा है। शनिवार को भव्य निशान यात्रा के आयोजन में भक्तो का उत्साह देखते ही बनता था। नगर में विभिन्न मार्गो से गुजरी निशान यात्रा पर जगह-जगह पुष्प वर्षा हुई। अबीर गुलाल उड़ने से होली का माहौल नजर आया।
सैकड़ो श्याम प्रेमी पुरुष महिला और बच्चे हाथो में निशान लेकर श्याम भजनो पर झूम कर जय श्री श्याम और खाटू नरेश की जय का उद्घोष कर रहे थे। निशान शोभायात्रा त्रिदेव मंदिर से निकल कर माल गोदाम चौराहे से होते पीपल तिराहा पहुंची, जहां रामलीला समिति के पदाधिकारी मनोज सोनी, राहुल सोनी, योगेश शुक्ला और श्यामू माहेश्वरी ने पुष्प वर्षा कर शोभा यात्रा का स्वागत किया।
पंचायती मंदिर पहुंचने पर विधायक सुभाष त्रिपाठी, पंकज माहेश्वरी, छोटू माहेश्वरी, विरला पंडित, एबी शुक्ला, अनूप पंसारी और श्याम सुंदर अग्रवाल ने यात्रा की अगुवानी की।भूपगंज बाजार के मुख्य मार्गो, सोसायटी चौराहा, स्टेशन मोड़ होते हुए शोभायात्रा वापस त्रिदेव मंदिर पर पहुंचकर संपन्न हुई। यहां भक्तो ने विधि विधान पूर्वक निशान बाबा श्याम प्रभु को समर्पित किया। यात्रा के आयोजन में कार्यक्रम संयोजक राम प्रसाद शर्मा, राहुल अग्रवाल, विष्णु मित्तल, रमेश शर्मा, सुधीर अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल और अंबुज पंसारी विशेष रूप से शामिल रहे।