अयोध्या की हर गलियों की होगी अब अपनी पहचान, सुग्रीव पथ व न्याय पथ के नाम से भी बनेंगे मार्ग

अयोध्या। राम मंदिर निर्माण के साथ अयोध्या को विश्वस्तरीय पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने की कवायद तेजी से चल रही है। एक तरफ जहां अयोध्या के प्राचीन मंदिरों को रेनोवेट किया जा रहा है तो वहीं नगर के गलियों को नई पहचान दिलाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
दर्शन-पूजन को आने वाले यात्रियों व पर्यटकों को सुगम यातायात के लिए रामपथ, भक्ति पथ, जन्मभूमि पथ का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इन पथों से जुड़ने वाले संपर्क मार्ग को भी नई पहचान देने की कवायद शुरू हो चुकी है। जिलाधिकारी नितीश कुमार ने बताया कि 14 मीटर चौड़ा भक्ति पथ, 30 मीटर का जन्मभूमि पथ और 20 मीटर चौड़े राम पथ का निर्माण किया जा रहा है।
उसी तर्ज पर हनुमानगढ़ी से सुग्रीव किला तक जोड़ने वाली सड़क को 14 मीटर चौड़ा कर सुग्रीव पथ के रूप में बनाया जाएगा। इसके लिए पीडब्ल्यूडी डीपीआर तैयार कर रहा है। जल्द ही इसे शासन को प्रेषित किया जाएगा। वहीं अयोध्या रेलवे स्टेशन की तरफ जाने वाले मार्ग को न्याय पथ के रूप विकसित किया जाएगा।
इसकी स्वीकृति हो गई है। उन्होंने बताया कि अयोध्या के प्राचीन मठ मंदिरों को भी मरम्मत किया जा रहा है। पहले फेज में 37 मंदिरों को तैयार किया जाएगा। जिनके फसाड को मरम्मत कर रंगाई कराई जा रही है।