
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष विश्वविजय सिंह ने नगर पंचायत बाघनगर उर्फ बखिरा के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी डा.अजीम के समर्थन में अमरडोभा,बखिरा,लेड़ुआ महुआ में जनसंपर्क कर वोट मांगा। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में आवश्यक वस्तुओं की कीमतें आसमान छू रही हैं। एलपीजी गैस सिलेंडर जो कांग्रेस सरकार में चार सौ मिलता था आज वही एलपीजी गैस सिलेंडर 1200 में मिल रहा है। बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। सड़कें बदहाल हैं। ऐसी हालत में अपने वोट का सही उपयोग कर अपना एक ऐसा प्रतिनिधि चुनें जो आपके मसाएल को हल कराने के लिए काम कर सके। जिलाध्यक्ष प्रवीण चन्द्र पाण्डेय ने कहा कि नगर पंचायत बाघनगर उर्फ बखिरा क्षेत्र के विकास के लिए कांग्रेस प्रत्याशी डा० अजीम एक बेहतर विकल्प हैं। अब तक के जनप्रतिनिधियों ने इस क्षेत्र की काफी उपेक्षा की है जिसके कारण यह क्षेत्र विकास की रेस में पिछड़ गया है। कांग्रेस की सोच विकास की है यह तभी संभव है जब आप एक युवा, शिक्षित व्यक्ति को चुनेंगे। इस दौरान युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष अहमद जमाल अंसारी,जिला कोषाध्यक्ष सुनील पाण्डेय, जिला सचिव मोईन अंसारी,सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष परवेज अख्तर,जिला उपाध्यक्ष तथा विधानसभा प्रभारी अमित सिंह बिट्टू,सच्चिदानन्द यादव,राजू गौड आदि मौजूद रहे।