
ख्वाजा एक्सप्रेस संवाददाता
कानपुर नगर। गोविंदनगर थाना क्षेत्र में बीते माह गुजैनी क्षेत्र में महिला की हत्या का मामला सामने आया था। महिला की हत्या कर आरोपी फरार हो गया था। जिसके बाद से पुलिस मामले की जांच में जुटी थी गोविंदनगर पुलिस ने महिला की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया हत्या के खुलासे के दौरान एक चौंकाने वाला मामला भी सामने आया है। महिला की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे उसके प्रेमी ने सिर पर हथौड़े से हमला कर की थी। आरोपी को पुलिस ने मध्य प्रदेश से गिरफ्तार कर कानपुर ले आई।
घटना का खुलासा करते हुए एडीसीपी दक्षिण अंकिता शर्मा ने बताया कि मृतक विवाहिता महिला सुनीता अपने प्रेमी सुरेश के साथ उसके ही घर में अपने चार बच्चों के साथ रह रही थी। महिला लंबे समय से अपने प्रेमी से घर में अपना हिस्सा मांग रही थी जिसके चलते दोनों के बीच काफी लंबे समय से विवाद चल रहा था। बीते 20 जुलाई को एक बार फिर से दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
इसी दौरान सुरेश ने अपनी प्रेमिका के सिर पर हथौड़े से ताबड़तोड़ कई बार हमला कर लहूलुहान कर दिया और मौके से फरार हो गया था। सर्विलांस की मदद से पुलिस को मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में सुरेश की लोकेशन मिली। गोविंदनगर थाना पुलिस मध्य प्रदेश के छतरपुर पहुंची और सुरेश को गिरफ्तार कर लिया। सुरेश ने संपत्ति में बंटवारे पर आए दिन हो रहे विवाद के चलते अपनी प्रेमिका की हत्या करने की बात कबूली है।