लखनऊ में 38 घंटे से मूसलाधार बारिश, सड़कें धंसी और जर्जर भवन गिरे

राजधानी लखनऊ में गुरुवार से शुरू हुई बारिश शनिवार तक लगातार जारी रही। करीब 38 घंटे से हो रही बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। पुराने लखनऊ के अलावा जानकीपुरम, गोमती नगर, अलीगंज, फैजुल्लागंज, खदरा, विकास नगर और आशियाना समेत कई क्षेत्रों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
लगातार बारिश के कारण शहर में कई स्थानों पर सड़कें धंस गईं। अमीनाबाद में प्रकाश कुल्फी के सामने सड़क धंसने से हादसे का खतरा बढ़ गया। वहीं विकास नगर और सिटी स्टेशन के पास भी बारिश के चलते सड़क धंसने की सूचना सामने आई है।
बारिश के बीच लखनऊ में जर्जर भवनों को भी नुकसान पहुंचा है। सिटी स्टेशन के पास जिला होम्योपैथी कार्यालय का एक कमरा भरभराकर गिर गया। लगातार बारिश के कारण पुरानी इमारतों और कमजोर ढांचों को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है।
शहर के कई हिस्सों में नाले और नालियां भरने से बारिश का पानी घरों तक पहुंच गया। नगर निगम ने जलनिकासी के लिए बाढ़ पंपिंग स्टेशनों और सड़क किनारे लगाए गए पंपों को चलाया, लेकिन लगातार बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव बना रहा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार लखनऊ में 25 और 26 सितंबर को भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई थी। लगातार बारिश के कारण तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज हुई और शहर में मौसम सामान्य से काफी ठंडा रहा।
लखनऊ के साथ आसपास के जिलों में भी बारिश का असर देखने को मिला। अमेठी, अयोध्या, बाराबंकी, सुल्तानपुर, गोंडा, श्रावस्ती और अन्य जिलों में जलभराव, पेड़ गिरने और कच्चे मकानों को नुकसान जैसी घटनाएं सामने आई हैं।



