विदेश
नेपाल के हिमलुंग हिमाल में हिमस्खलन, 10 लोग लापता
नेपाल के हिमालयी क्षेत्र में खराब मौसम के बीच बड़ा हादसा हुआ है। मनांग जिले के नार-फू क्षेत्र में 7,126 मीटर ऊंचे हिमलुंग हिमाल के बेस कैंप पर रविवार सुबह हिमस्खलन की चपेट में आने के बाद कम से कम 10 लोग लापता हो गए। अभियान संचालकों के मुताबिक, लापता लोगों में अलग-अलग एक्सपीडिशन कंपनियों से जुड़े पर्वतारोही और सपोर्ट स्टाफ शामिल हैं।
पिछले कई दिनों से इलाके में भारी बर्फबारी और बारिश हो रही थी। मौसम की चेतावनी के बाद कई पर्वतारोहण और रस्सी लगाने वाली टीमें ऊंचाई वाले हिस्सों से नीचे लौट गई थीं, लेकिन कुछ लोग बेस कैंप क्षेत्र में मौजूद थे। हिमस्खलन के बाद उनके संपर्क में नहीं आने की जानकारी सामने आई है।
बचाव अभियान के लिए हेलीकॉप्टर और पर्वतीय विशेषज्ञों की टीमें तैयार हैं, लेकिन खराब मौसम के कारण उड़ान संचालन प्रभावित हो रहा है। नेपाल के पर्यटन विभाग और अभियान संचालक लापता लोगों का पता लगाने तथा राहत-बचाव प्रयासों के लिए समन्वय कर रहे हैं।