भाकियू, सपा और कांग्रेस ने अवैध निर्माण न रोकने पर दी आंदोलन की चेतावनी

भास्कर समाचार सेवा

रुड़की। सिविल लाइंस में नीलम टॉकीज के पास नजूल की भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण को रोके जाने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन अम्बावत, कांग्रेस पार्टी एवं समाजवादी पार्टी के नेताओं ने एचआरडीए और पुलिस के पास पहुंचकर वार्ता की। उक्त नेताओं ने कहा कि अगर निर्माण ना रोका गया तो उसी स्थान पर बैठकर धरना देंगे।

सिविल लाइंस में नीलम टॉकीज के समीप एक निर्माण कार्य पिछले कुछ दिनों से चर्चा में बना हुआ है। उक्त निर्माण कार्य पर एचआरडीए द्वारा कुछ वर्षों पहले रोक लगाई थी, एकाएक कुछ दिनों पहले शुरू हुए इस निर्माण कार्य पर फिर से उंगलियां उठने शुरू हो गई। विपक्षी दलों द्वारा सत्ताधारी नेताओं पर इस अवैध निर्माण कार्य को करवाए जाने का आरोप लगाया जा रहा है।

 भारतीय किसान यूनियन अंबावत के प्रदेश अध्यक्ष विकास सैनी, कांग्रेस नेता आशीष सैनी एवं समाजवादी पार्टी के नेता राजा त्यागी द्वारा निर्माण को रोके जाने की मांग को लेकर एचआरडीए के अधिकारियों से बात की गई। उन्हें जानकारी मिली की संयुक्त सचिव द्वारा उक्त निर्माण कार्य को रोके जाने के आदेश कुछ समय पहले जारी किए जा चुके हैं, जिसकी प्रति पुलिस को भी भेजी गई थी। एचआरडीए द्वारा पुलिस को भेजे गये आदेश की काॅपी के बाद निर्माण कार्य की ओर मुड़कर नहीं देखा। उधर पुलिस ने भी इस कार्य को रुकवाने की जहमत नहीं उठाई। अब तीनों नेताओं ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर यह अवैध निर्माण कार्य ना रोका गया तो वह उक्त स्थान पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ जाएंगे। उन्होंने कहा कि सिविल लाइंस नजूल की भूमि है जहां एक ओर इस क्षेत्र में एक आम आदमी अपने मकान की मरम्मत भी डरते-डरते करवाता है तो वही सेटिंग से बड़े-बड़े निर्माण कार्य बे रोक-टोक पूरे करवा दिए जाते हैं। कहा कि सिविल लाइंस को नुजूल मुक्त करें और फिर सभी लोग नियमानुसार यहाँ निर्माण करवा सके।