खेल-खिलाड़ीबड़ी खबर

रिकी पोंटिंग ने भारत के मुख्य कोच का प्रस्ताव ठुकराया, कहा- मेरी जीवनशैली में फिट नहीं बैठता

नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज रिकी पोंटिंग ने खुलासा किया है कि जल्द ही खाली होने वाले भारत के मुख्य कोच के पद के लिए उनसे संपर्क किया गया था लेकिन उन्होंने इस पेशकश को अस्वीकार कर दिया क्योंकि यह अभी उनकी ‘जीवनशैली’ में फिट नहीं बैठता।

हाल ही में दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल फ्रेंचाइजी के मुख्य कोच के रूप में सात सत्र पूरे करने वाले पोंटिंग इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के अंतरिम टी20 कोच रह चुके हैं। उन्होंने यह नहीं बताया कि भारतीय कोच के पद के लिए भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से कोई सुझाव आया था या नहीं। पोंटिंग ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से कहा, ‘‘आईपीएल के दौरान कुछ आमने-सामने की बातचीत हुई थी, ताकि पता चल सके कि इस पद में मेरी दिलचस्पी है या नहीं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं राष्ट्रीय टीम का सीनियर कोच बनना पसंद करूंगा लेकिन मेरे जीवन में अन्य चीजें हैं और मैं घर पर कुछ समय बिताना चाहता हूं…हर कोई जानता है कि अगर आप भारतीय टीम के साथ काम करोगे तो आप आईपीएल टीम में शामिल नहीं हो सकते।’’ पोंटिंग ने कहा, ‘‘इसके अलावा राष्ट्रीय मुख्य कोच साल में 10 या 11 महीने की नौकरी है, और मैं इसे करना चाहता हूं, यह अभी मेरी जीवनशैली और उन चीजों में फिट नहीं बैठता है जिन्हें मैं वास्तव में करना पसंद करता हूं।’’

पोंटिंग ने कहा कि उन्होंने अपने बेटे के साथ इस प्रस्ताव पर चर्चा की और वह भारत आने के लिए तैयार लग रहा था। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे परिवार और मेरे बच्चों ने पिछले पांच सप्ताह आईपीएल में मेरे साथ बिताए हैं और वे हर साल यहां आते हैं और मैंने अपने बेटे को इसके बारे में बताया।’’

पोटिंग ने कहा, ‘‘मैंने कहा, ‘‘पापा को भारतीय कोच की नौकरी की पेशकश की गई है’ और उसने कहा, ‘बस इसे स्वीकार कर लीजिए पापा, हम अगले कुछ वर्षों के लिए वहां जाना पसंद करेंगे’।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वे वहां रहना और भारत में क्रिकेट की संस्कृति को कितना पसंद करते हैं लेकिन अभी यह शायद मेरी जीवनशैली में पूरी तरह से फिट नहीं बैठता।’’ कुछ अन्य हाई प्रोफाइल नाम जैसे कि चेन्नई सुपर किंग्स के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग, लखनऊ सुपर जाइंट्स के मुख्य कोच जस्टिन लैंगर और कोलकाता नाइट राइडर्स के मेंटर (मार्गदर्शक) गौतम गंभीर को भी संभावित उम्मीदवारों के रूप में देखा जा रहा है। अगले महीने भारत के टी20 विश्व कप अभियान के बाद राहुल द्रविड़ मुख्य कोच का पद छोड़ देंगे।

बीसीसीआई ने आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 27 मई तय की है। पोंटिंग ने कहा, ‘‘मैंने कुछ अन्य नामों को भी चर्चा में देखा है। जस्टिन लैंगर का नाम कल चर्चा में आया, स्टीफन फ्लेमिंग का नाम भी थोड़ा चर्चा में आया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘पिछले कुछ दिनों में गौतम गंभीर का नाम भी चर्चा में आया है। लेकिन मुझे लगता है कि मैंने जो कारण बताएं हैं उनके कारण मेरे लिए यह संभव नहीं है।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button