Shardiya Navratri 2025: शारदीय नवरात्रि से पहले घर से हटाएं ये चीजें, वरना अधूरा रह जाएगा व्रत

शारदीय नवरात्रि 2025 का आरंभ 29 सितंबर से हो रहा है और यह 7 अक्टूबर तक चलेगी। नवरात्रि का पर्व माता दुर्गा की आराधना और शक्ति उपासना का विशेष समय माना जाता है। नौ दिनों तक भक्त मां दुर्गा के विभिन्न रूपों की पूजा-अर्चना कर व्रत रखते हैं और घर में कलश स्थापना व घट स्थापना करते हैं। शास्त्रों में उल्लेख है कि नवरात्रि से पहले घर की शुद्धि और सफाई करना बेहद आवश्यक है। धार्मिक मान्यता है कि यदि इस पावन पर्व से पहले घर से कुछ नकारात्मक और अशुद्ध वस्तुओं को नहीं हटाया गया, तो व्रत का पूर्ण फल नहीं मिल पाता और पूजा अधूरी मानी जाती है।
नवरात्रि से पहले घर में टूटी-फूटी या बेकार पड़ी वस्तुओं को तुरंत हटा देना चाहिए। टूटा हुआ कांच, पुरानी झाड़ू, फटे-पुराने कपड़े या जूते-चप्पल घर में नकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। इन चीजों को घर में रखने से माता दुर्गा की कृपा में बाधा आती है। इसके अलावा घर के कोनों में जमा धूल-मिट्टी और मकड़ी के जाले भी अशुद्ध वातावरण का संकेत देते हैं। पूजा से पहले घर की संपूर्ण सफाई करने और सुगंधित धूप-दीप जलाने का महत्व बताया गया है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, घर में रखी टूटी मूर्तियां या खंडित तस्वीरें भी तुरंत विसर्जित कर देनी चाहिए। मान्यता है कि ऐसी मूर्तियों को घर में रखना अपशकुन का कारण बनता है और देवी-देवताओं की कृपा नहीं मिल पाती। साथ ही घर में रखे पुराने बर्तन या टूटा हुआ फर्नीचर भी दुर्भाग्य का कारण बन सकता है। नवरात्रि से पहले इन्हें या तो ठीक करा लें या घर से हटा दें।
इसके अलावा, नकारात्मक ऊर्जा को दूर करने के लिए नमक के पानी से पोछा लगाने की परंपरा भी है। यह घर को शुद्ध और पवित्र बनाता है। नवरात्रि में व्रत और पूजा तभी सफल मानी जाती है जब वातावरण सात्विक और स्वच्छ हो। अतः भक्तों को चाहिए कि इस पावन अवसर से पहले अपने घर को पूरी तरह स्वच्छ करें और उन वस्तुओं को बाहर निकाल दें जिनका कोई उपयोग नहीं है। तभी नवरात्रि का व्रत पूर्ण फलदायी होगा और माता रानी की कृपा आपके घर-परिवार पर बनी रहेगी।



