
देश 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और गर्व के साथ मनाने जा रहा है। इस अवसर पर कर्तव्य पथ पर निकलने वाली गणतंत्र दिवस परेड में ‘वंदे मातरम्’ थीम पर आधारित 30 भव्य झांकियां शामिल होंगी, जो भारत की सांस्कृतिक विरासत, विकास यात्रा और राष्ट्रीय एकता का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करेंगी।
इन झांकियों में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की लोक संस्कृति, परंपराएं, ऐतिहासिक धरोहरें और आधुनिक भारत की उपलब्धियां दिखाई जाएंगी। साथ ही केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों की झांकियां आत्मनिर्भर भारत, नारी शक्ति, डिजिटल इंडिया और विकसित भारत जैसे विषयों को उजागर करेंगी।
गणतंत्र दिवस परेड के दौरान सशस्त्र बलों की पराक्रम झलक, आधुनिक सैन्य उपकरण और देश की सुरक्षा क्षमता भी प्रदर्शित की जाएगी। देश-विदेश से आए विशेष अतिथियों और लाखों दर्शकों के सामने भारत की शक्ति, संस्कृति और संकल्प का भव्य प्रदर्शन होगा।
‘वंदे मातरम्’ की भावना से ओतप्रोत यह परेड न केवल देशवासियों में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करेगी, बल्कि दुनिया को भारत की एकता, अखंडता और गौरवशाली पहचान का संदेश भी देगी।



