उत्तर प्रदेशबड़ी खबर
मेरठ के जनता PG कॉलेज का बदला नाम, अब चौधरी चरण सिंह PG कॉलेज
मेरठ के मवाना तहसील के फलावदा स्थित जनता पीजी कॉलेज का नाम बदल दिया गया है। अब यह शिक्षण संस्थान चौधरी चरण सिंह पीजी कॉलेज के नाम से जाना जाएगा। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ की कार्यपरिषद ने कॉलेज का नाम बदलने के प्रस्ताव की संस्तुति शासन को भेजी थी, जिसके बाद शासन स्तर पर निर्धारित प्रक्रिया पूरी की गई।
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के अनुसार, चौधरी चरण सिंह का देश और उत्तर प्रदेश के सामाजिक, शैक्षिक और कृषि क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। सरकार का कहना है कि शिक्षण संस्थानों को महापुरुषों के नाम से जोड़ने से विद्यार्थियों को उनके विचारों, संघर्ष और योगदान से परिचित कराने में मदद मिलेगी।
नाम परिवर्तन के साथ कॉलेज की आधिकारिक पहचान भी अब चौधरी चरण सिंह पीजी कॉलेज के रूप में होगी। शासन की ओर से उच्च शिक्षा संस्थानों में शैक्षिक गुणवत्ता, आधारभूत सुविधाओं, शोध, नवाचार और रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जा रहा है।