आजाद समाज पार्टी की 42 प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी, 87 नाम घोषित

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आजाद समाज पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने 42 विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी की है। पार्टी के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के निर्देश और प्रदेश कमेटी की संस्तुति के आधार पर विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। इन प्रभारियों को ही पार्टी का संभावित प्रत्याशी माना जा रहा है।
जारी की गई दूसरी सूची में 20 अनुसूचित जाति, 13 ओबीसी और 9 मुस्लिम समाज से जुड़े उम्मीदवार शामिल हैं। पहली सूची में 45 विधानसभा क्षेत्रों के लिए नाम घोषित किए गए थे। दूसरी सूची के 42 नामों के साथ आजाद समाज पार्टी अब तक 87 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम सामने ला चुकी है।
दूसरी सूची में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर अवध, बुंदेलखंड और पूर्वांचल तक के विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। सूची में मुजफ्फरनगर की मीरपुर, संभल की चंदौसी, रामपुर की स्वार, उन्नाव की सफीपुर और मोहान, रायबरेली की सरेनी, अमेठी की गौरीगंज, प्रयागराज की फूलपुर और करछना तथा वाराणसी की शिवपुर जैसी सीटें शामिल हैं।
पार्टी की ओर से जारी प्रक्रिया के तहत विधानसभा प्रभारियों को संबंधित क्षेत्रों में संगठनात्मक और चुनावी तैयारियों की जिम्मेदारी दी गई है। इस सूची के बाद अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। आगामी चुनाव को देखते हुए अन्य राजनीतिक दल भी अपने संगठन और उम्मीदवारों से जुड़ी तैयारियां कर रहे हैं।



