कॉर्बेट में बारिश से सफारी बंद, ढेला-झिरना-गिरिजा जोन प्रभावित
रामनगर में पिछले दो दिनों से जारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। बारिश के चलते कोसी नदी का जलस्तर भी बढ़ गया। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के जिन पर्यटन जोन में इस समय सफारी संचालित हो रही है, उनमें ढेला, झिरना और गिरिजा शामिल हैं। लगातार बारिश को देखते हुए रविवार को इन तीनों जोन के गेट पर्यटकों के लिए बंद रहे।
बारिश के कारण जंगल के सफारी मार्गों के साथ नदी-नालों में पानी का बहाव तेज हो गया था। ऐसे में पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सुबह और शाम की दोनों पालियों की सफारी निरस्त की गई। मानसून के दौरान ढिकाला, बिजरानी और दुर्गादेवी जोन पहले से ही बंद हैं।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार ढेला, झिरना और गिरिजा जोन सामान्य तौर पर वर्षभर पर्यटन के लिए संचालित किए जाते हैं। हालांकि मौसम और सुरक्षा संबंधी परिस्थितियों के अनुसार सफारी संचालन प्रभावित हो सकता है।



