उत्तराखंड में STEM क्षेत्र में बेटियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए बनेगी नीति

उत्तराखंड में बेटियों को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए नई पहल की तैयारी की जा रही है। राज्य में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी और गणित यानी STEM के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए नीतिगत सुझाव तैयार किए जाएंगे। इसके लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की और वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मिलकर एक श्वेत पत्र तैयार करेंगे।
गुरुवार को देहरादून स्थित उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में ‘वीमेन इन STEM’ विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें राज्यपाल एवं विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना केवल लैंगिक समानता का विषय नहीं, बल्कि देश की वैज्ञानिक क्षमता और विकास को मजबूत करने के लिए भी जरूरी है।
स्कूल स्तर से विकसित करनी होगी वैज्ञानिक सोच
राज्यपाल ने कहा कि बालिकाओं में विज्ञान के प्रति रुचि स्कूल स्तर से ही विकसित की जानी चाहिए। इसके लिए उन्हें प्रयोगशालाओं में काम करने, वैज्ञानिक गतिविधियों में हिस्सा लेने और तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करने के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए। उच्च शिक्षा के दौरान छात्राओं को शोध परियोजनाओं, नवाचार, इंटर्नशिप और उद्यमिता से जोड़ने की भी जरूरत है।
उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, बायोटेक्नोलॉजी, क्वांटम कंप्यूटिंग और डिजिटल तकनीक जैसे क्षेत्र भविष्य की अर्थव्यवस्था को आकार दे रहे हैं। ऐसे में इन क्षेत्रों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।
IIT रुड़की तैयार करेगा श्वेत पत्र
कार्यशाला में बताया गया कि IIT रुड़की और उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की ओर से तैयार किए जाने वाले श्वेत पत्र में STEM के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी की स्थिति का अध्ययन किया जाएगा। इसमें महिलाओं के सामने आने वाली चुनौतियों और अवसरों की पहचान कर शिक्षा, शोध, नवाचार तथा रोजगार में उनकी हिस्सेदारी बढ़ाने के उपाय सुझाए जाएंगे।
तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा ने कहा कि महिलाओं की प्रगति में उनकी क्षमता की कमी नहीं, बल्कि सामाजिक धारणाएं और अवसरों का अभाव बड़ी बाधाएं हैं। विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, तकनीकी संसाधन और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना जरूरी है।
स्थानीय समस्याओं के समाधान में भी मिलेगी मदद
राज्यपाल ने उत्तराखंड के संदर्भ में कहा कि यहां जैव विविधता, जल और वन संसाधनों, औषधीय पौधों तथा पारंपरिक ज्ञान का बड़ा भंडार है। कृषि, बागवानी, स्वास्थ्य, जल संरक्षण, आपदा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में वैज्ञानिक शोध और तकनीकी नवाचार की व्यापक संभावनाएं हैं।
उन्होंने स्थानीय महिलाओं के पारंपरिक अनुभव और आधुनिक वैज्ञानिक शोध को जोड़ने पर जोर दिया, ताकि प्रदेश की समस्याओं के समाधान के साथ रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर भी तैयार हो सकें।
युवाओं के लिए नशामुक्त भारत ऐप हैकाथॉन शुरू
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने ‘नशामुक्त भारत ऐप हैकाथॉन’ की भी शुरुआत की। इसका उद्देश्य युवाओं की तकनीकी क्षमता और नए विचारों का उपयोग नशे के खिलाफ जागरूकता, परामर्श और सहायता से जुड़े डिजिटल समाधान विकसित करने में करना है।
इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. तृप्ता ठाकुर, IIT रुड़की के निदेशक प्रो. केके पंत सहित शिक्षाविद, शोधकर्ता, महिला उद्यमी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



