उत्तराखंड
Uttarakhand Landslide: गरमपानी में भूस्खलन से अल्मोड़ा हाईवे ठप
भारी बारिश के कारण अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर पहाड़ियों के दरकने का सिलसिला शुरू हो गया। अतिसंवेदनशील दोपांखी और रामगाढ़ क्षेत्रों में भूस्खलन के चलते हाईवे पर आवाजाही ठप हो गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
एनएच विभाग ने लोडर मशीनों की मदद से सड़क पर आया मलबा हटाने का काम शुरू किया, लेकिन पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण कई बार काम रोकना पड़ा। सुबह करीब सात बजे बाधित हुआ मार्ग लगभग 11 बजे के आसपास खोला गया, लेकिन दोबारा मलबा आने से यातायात फिर प्रभावित हो गया।
खैरना में पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर कई वाहनों को रोक दिया। वहीं पाडली, रातीघाट, भोर्या बैंड, काकड़ीघाट और जौरासी समेत आसपास के क्षेत्रों में भी पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आईं। लगातार मलबा गिरने से यात्रियों की परेशानी बढ़ी और हाईवे पर सफर जोखिम भरा बना रहा।



