
बस्ती। वैश्विक आर्थिक मंदी के बावजूद भारत तेजी से बढती हुयी मजबूत आर्थिक व्यवस्था बनी हुयी है। इसमें उत्तर प्रदेश का विशेष योगदान है। उक्त विचार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने व्यक्त किया। वे लखनऊ में उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 का रिमोट का बटन दबाकर शुभारम्भ करने के बाद समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि 32.92 लाख करोड़ का इन्वेस्टमेंट यू0पी0 में आ रहा है, जो लक्ष्य 23 लाख करोड़ से काफी अधिक है। उन्होने कहा कि इंग्लैण्ड, आस्ट्रेलिया, इटली, डेनमार्क, नीदरलैण्ड, जापान जैसे 16 देश इंवेस्टमेंट में आगे आ रहे है। हमारा निर्यात दुगुना हो गया है। खाद्यान्न, दुध, गन्ना के उत्पादन में प्रदेश नम्बर वन है।
इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बस्ती कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के उद्यमियों एवं निवेशको के बीच किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्रा, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति ने समारोह का सीधा प्रसारण देंखा। मण्डलायुक्त ने उद्यमियों को आश्वस्त किया कि इस वर्ष एम.ओ.यू. साइन करके इन्वेस्टमेंट करने वाले सभी उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता पर निराकरण किया जायेंगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में सूक्ष्म, इकाईयां 6768, स्माल 12, मीडियम 06 एवं वृहद इकाईयों की संख्या 04 है। इस प्रकार जनपद में कुल 6790 इकाईयां स्थापित है, जिसमें रू0 1869.16 करोड़ का निवेश एवं 32261 व्यक्तियों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार प्राप्त हुआ है। उन्होने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर समिट हेतु बस्ती जनपद में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग का निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 201 इण्टेण्ट दाखिल किये गये है, जिसमें रूपये 4786.25 करोड़ का निवेश प्राप्त हुआ है एवं 15027 लोगो को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार प्राप्त होने की सम्भावना है।
उपायुक्त उद्योग हरेन्द्र प्रताप ने बताया कि जनपद में औद्योगिक क्षेत्र (प्लास्टिक काम्पलेक्स) का विकास यूपीसीडा द्वारा कराया गया है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग द्वारा 08 मिनी औद्योगिक आस्थान का विकास जनपद में कराया गया है।
इस अवसर पर उद्योग, भारतीय स्टेट बैंक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मत्स्य, कृषि, पंजाब नेशनल बैंक, बड़ौदा यूपी बैंक, ग्राम्य विकास, उद्यान, श्रम विभाग द्वारा प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। नगरीय नोडल डा. ए.के. कुशवाहॉ के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम द्वारा बच्चों का टीकाकरण करते हुए परिवार नियोजन के साधनों का वितरण किया गया। अतिथियों द्वारा इस प्रदर्शन का अवलोकन किया गया।
इस अवसर पर सीएमओ डा. आर.पी. मिश्रा, उप निदेशक कृषि अनिल कुमार, डीडीओ अजीत श्रीवास्तव, लीड बैंक मैनेजर अविनाश चन्द्रा, पी.एन. मौर्या, पी.एन. सिंह, नितेश सिंह, डा. इन्द्रजीत प्रजापति, अधिशासी अभियन्ता विद्युत महेन्द्र मिश्र एवं घनेन्द्र सिंह, विभागीय अधिकारी तथा उद्यमीगण उपस्थित रहें।