उत्तर प्रदेशलखनऊ

अखिलेश यादव पर भड़के डिप्टी सीएम केशव मौर्य, कहा- उनका बस चले तो मेरी हत्या करवा दें

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव के मन में उनके प्रति ‘जहर’ भरा है और वह उनकी ‘हत्या’ भी करा सकते हैं। अखिलेश यादव ने इसके जवाब में कहा कि सपा किसी के लिये खतरा नहीं हो सकती।

केशव मौर्य ने बृहस्पतिवार को यहां अपने सरकारी आवास पर संवाददाताओं से बातचीत में एक सवाल पर कहा, ”मैं यह मानता हूं कि उनके मन में मेरे प्रति बहुत जहर भरा है। मैं कभी भी अखिलेश यादव जी को श्री अखिलेश यादव, पूर्व मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष के अलावा उनके प्रति कोई और शब्द प्रयोग नहीं करता लेकिन उनकी जो भावना है, पता नहीं किनसे—किनसे मिली भगत करके, उनका बस चले तो मेरी हत्या करवा दें।”

उनसे पूछा गया था कि अखिलेश यादव कहते हैं कि केशव प्रसाद मौर्य तो शूद्र हैं, और वह उनके बारे में कुछ भी नहीं कहना चाहते हैं। मौर्य ने यादव को अपनी पार्टी पर ध्यान देने की सलाह देते हुए कहा, ”समाजवादी पार्टी का 2024 के लोकसभा चुनाव में तो सफाया हो ही जाएगा, लेकिन वह पार्टी के काम में ध्यान दें और इस प्रकार की बयानबाजी करके उन्हें अब कुछ भी हासिल नहीं होने वाला है। उनका सर्वोच्च (प्रदर्शन) 2022 में था, जिसमें उन्होंने 100 से अधिक विधायक जिताये हैं लेकिन अब उनके पतन का समय आ गया है।”

इस सवाल पर कि अखिलेश यादव का दावा है कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उन्हें जेल भेजना चाहती है, उप मुख्यमंत्री ने कहा, ”जो भी लोग गलत करते हैं उन्हें जेल जाना पड़ता है। उनके बारे में अभी तक तो ऐसा कुछ मेरी जानकारी में नहीं है। वह ऐसे बयान देकर सहानुभूति बटोरने के बजाय अपनी पार्टी पर ध्यान दें।”

इस बीच, यादव ने मौर्य के इस बयान पर कहा, ”समाजवादी पार्टी किसी के लिए खतरा नहीं हो सकती है। उन्हें (मौर्य) परेशानी यह है कि जब से स्वामी प्रसाद मौर्य हमारे साथ हैं, जबसे अवधेश प्रसाद जी सक्रिय हो गए हैं, जब हमारी पार्टी बहुत मजबूती से जमीन पर काम करने लगी है तो उनका जो कुर्सी का चक्कर है, उसके लिए वह (मौर्य) घबराने लगे हैं।” उन्होंने कहा, ”समाजवादी पार्टी इनसे (मौर्य) बहुत प्रेम करती है, लेकिन समाजवादी पार्टी यह जानती है कि वह कितने भी अपमानित हो जाएं लेकिन वह भाजपा नहीं छोड़ेंगे।”

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button