
अयोध्या। वरिष्ठ पत्रकार व संपादक शीतला सिंह नहीं रहे। मंगलवार को उन्होंने जिला अस्पताल में अंतिम सांस ली। 94 वर्ष के शीतला सिंह कुछ महीनों से बीमार चल रहे थे। सहकारिता पर आधारित व प्रकाशित जनमोर्चा दैनिक अखबार के प्रधान संपादक रहे शीतला सिंह के निधन के बाद पत्रकारिता जगत ही नहीं बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी शोक की लहर है। लखनऊ से लेकर दिल्ली तक के राजनेताओं ने उनके निधन को अपूर्णीय क्षति बताया है। शासन के कई अफसरों ने भी शोक जताया है। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर संपादक शीतला सिंह के निधन पर शोक जताया है।
वरिष्ठ पत्रकार व हिंदी दैनिक जनमोर्चा के प्रधान संपादक श्री शीतला सिंह जी का निधन अत्यंत दुःखद है।
मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं।
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोक संतप्त परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति दें।
ॐ…
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 16, 2023
उनके पुत्र व पत्रकार एसएन सिंह ने बताया कि पिता शीतला सिंह ने देहदान किया था, जिस कारण उनकी अंत्येष्टि नहीं होगी। मेडिकल कॉलेज से संपर्क किया जा रहा है। प्रेस काउंसिल के कई बार सदस्य रहे शीतला सिंह के निधन की खबर पर कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी वाड्रा ने लिखा कि शीतला सिंह हिंदी पत्रकारिता के मजबूत स्तंभ थे। उन्होंने कभी अपने आदर्शों से समझौता नहीं किया। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।
वरिष्ठ पत्रकार एवं 'जनमोर्चा' अखबार के प्रधान संपादक श्री शीतला सिंह जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ।
शीतला सिंह जी हिंदी पत्रकारिता के ऐसे मजबूत स्तंभ थे जिन्होंने हमेशा लोकतंत्र एवं जनहित को सर्वोपरि रखा और कभी अपने आदर्शों से समझौता नहीं किया। उनके जाने से पत्रकारिता…
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) May 16, 2023