देशबड़ी खबर

IND vs WI: भारतीय पारी 181 रन पर सिमटी, रोमारियो शेफर्ड ने तीन विकेट झटके

बारबाडोस। सलामी बल्लेबाज ईशान किशन (55) के अर्द्धशतक के बावजूद भारत दूसरे एकदिवसीय मैच में शनिवार को वेस्ट इंडीज के सामने 182 रन का लक्ष्य ही रख सका। अनुभवी खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में भारतीय टीम 40.5 ओवर में 181 रन पर ऑलआउट हो गयी। वेस्ट इंडीज की ओर से गुडाकेश मोती और रोमारियो शेफर्ड ने तीन-तीन विकेट लिये। अल्ज़ारी जोसेफ़ ने दो विकेट लिये जबकि जेडेन सील्स और यानिक कारिया ने एक-एक सफलता हासिल की। भारत ने इस मैच में रोहित शर्मा और विराट कोहली के अनुभव के बिना उतरने का फैसला किया।

रोहित की अनुपस्थिति में शुभमन गिल और ईशान किशन पारी की शुरुआत करने उतरे। यह जोड़ी पहले पावरप्ले में सूझ-बूझ के साथ खेलती नज़र आयी और भारत ने 10 ओवर में बिना विकेट गंवाये 49 रन जोड़ लिये। गिल-किशन ने पहले विकेट के लिये 90 रन की साझेदारी की और अपनी पारी का पहला बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में गिल गुडाकेश मोती का शिकार हो गये। गिल ने 49 गेंद पर पांच चौकों की सहायता से 34 रन बनाये और उनके आउट होते ही विकेटों का पतन शुरू हो गया। दो मैचों की दूसरा अर्द्धशतक बनाने के बाद किशन 55 गेंद पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 55 रन बनाकर पवेलियन लौटे। मध्यक्रम के बल्लेबाज सलामी जोड़ी की तरह धैर्य नहीं दिखा सके जिसका फायदा वेस्ट इंडीज़ को मिला।

किशन को आउट करने के बाद रोमारियो शेफर्ड ने अक्षर पटेल (एक) का शिकार किया, जबकि हार्दिक पांड्या सात रन बनाकर जेडेन सील्स की गेंद पर आउट हुए। संजू सैमसन (नौ) के आउट होने के साथ भारत की आधी टीम 113 रन पर पवेलियन लौट गयी। सूर्यकुमार यादव ने रवींद्र जडेजा के साथ मिलकर कुछ देर के लिये भारतीय पारी को संभाला, हालांकि मोती ने सूर्यकुमार को आउट कर भारत की वापसी की सभी उम्मीदें समाप्त कर दीं। इससे पहले जडेजा भी शेफर्ड का शिकार हो चुके थे। सूर्यकुमार ने 25 गेंद पर 24 रन बनाये, जबकि जडेजा सिर्फ 10 रन का योगदान दे सके। भारत ने सूर्यकुमार के रूप में अपना सातवां विकेट 148 रन पर गंवाया जिसके बाद विंडीज ने मेहमान टीम की पारी का अंत करने में ज्यादा समय नहीं लिया। जोसेफ़ ने शार्दुल ठाकुर (16) और उमरान मलिक (शून्य) को आउट किया, जबकि मुकेश कुमार (छह) मोती का शिकार हो गये। कुलदीप यादव 23 गेंद पर आठ रन बनाकर नाबाद रहे।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button