BJP's Bengal Bandh, firing in Bhatpara
BJP's Bengal Bandh, firing in Bhatpara

भाजपा का बंगाल बंद, भाटपाड़ा में गोली चली

कोलकाता: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का आज आहूत 12 घंटे का पश्चिम बंगाल बंद सुबह छह बजे शुरू हो गया। शुरुआती चार घंटे में राज्य में विभिन्न स्थानों पर हिंसा और प्रदर्शन हुआ। बंद समर्थकों और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच कई जगहों पर झड़पें हुई हैं। कुछ लोग घायल भी हुए। भाटपाड़ा के घोषपाड़ा इलाके में गोलीबारी में एक व्यक्ति घायल हो गया। भाजपा के पूर्व सांसद अर्जुन सिंह ने तृणमूल कांग्रेस पर अपने समर्थक रबी सिंह पर हमला करने का आरोप लगाया। घायल रबी सिंह को पहले बैरकपुर स्टेट जनरल अस्पताल और बाद में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

कोन्नगर और आसनसोल में संघर्ष

कोन्नगर में बंद के दौरान भाजपा और तृणमूल समर्थकों के बीच पुलिस की मौजूदगी में हाथापाई हुई। व आसनसोल में भी दोनों दलों के समर्थकों के बीच मारपीट की खबरें आई हैं। भाजपा ने बाजारों को बंद कराने की कोशिश की, जबकि तृणमूल के समर्थकों ने इन्हें पुनः खोलने की कोशिश की। मालदा, मुर्शिदाबाद और बर्दवान में भाजपा और तृणमूल समर्थकों के बीच तनाव बढ़ गया। मुर्शिदाबाद में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कई रेल स्टेशनों पर प्रदर्शन किया। इससे ट्रेन सेवा बाधित हो गई। बर्दवान जिले से भी ऐसी ही खबरें हैं।

Also read this: प्रधानमंत्री मोदी ने जन धन योजना के 10 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी

कोलकाता में स्थिति सामान्य

कोलकाता में बंद का ज्यादा असर नहीं दिखा। बस और मेट्रो सेवा सुबह सामान्य रही। पुलिस प्रमुख स्थानों पर तैनात है। बंद को सफल बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और नेता सड़कों पर उतरे हैं। सुबह अग्निमित्रा पॉल भी सड़कों पर नजर आईं और लोगों से बंद को सफल बनाने की अपील कर रही थीं।