मनोरंजन
जमुई मामले पर भड़कीं खुशबू पाटनी, बोलीं- ‘बिहार वालों, इस बार इसे अपनी ईगो पर ले लो’
बिहार के जमुई जिले में 10वीं कक्षा के छात्र और छात्रा के साथ कथित बदसलूकी और मारपीट का मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर नाराजगी देखने को मिल रही है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है। पुलिस के अनुसार, तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई है।
इस मामले पर पूर्व सैन्य अधिकारी और दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। खुशबू ने बिहार के लोगों से अपील की कि वे इस घटना को गंभीरता से लें और महिलाओं की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाएं।
खुशबू पाटनी ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि लड़के और लड़कियों के साथ रहने या दोस्ती करने पर किसी को भी उन्हें परेशान करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि ऐसी घटनाओं के लिए केवल सरकार को जिम्मेदार ठहराने के बजाय समाज को भी अपनी भूमिका पर विचार करना चाहिए।
पुलिस के मुताबिक, घटना 19 सितंबर को जमुई के मदवा पहाड़ इलाके में हुई थी। दोनों नाबालिग छात्र कोचिंग के बाद लौट रहे थे, तभी एक समूह ने उन्हें कथित तौर पर रोका और उनके साथ मारपीट व बदसलूकी की। मामले में POCSO Act समेत संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।