उत्तर प्रदेशबड़ी खबर

यूपी में निजी बिजनेस पार्क विकसित करने की तैयारी, यीडा ने अंगीकृत की योजना-2025

योगी सरकार का निवेश और रोजगार बढ़ाने पर जोर, निजी निवेशकों की भागीदारी से बनेंगे आधुनिक बिजनेस पार्क

लखनऊ, 29 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को देश का प्रमुख निवेश और औद्योगिक केंद्र बनाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया गया है। प्रदेश में निजी निवेश को बढ़ावा देने और आधुनिक व्यावसायिक सुविधाएं विकसित करने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने उत्तर प्रदेश निजी बिजनेस पार्क विकास योजना-2025 को अंगीकृत कर लिया है। बोर्ड की सैद्धांतिक मंजूरी के बाद अब प्राधिकरण योजना के लिए सेक्टर चिह्नित करेगा। इसके साथ ही भूखंडों का नियोजन और योजना का ब्रोशर तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

योगी सरकार की इस पहल का उद्देश्य प्रदेश में निजी क्षेत्र की भागीदारी से आधुनिक बिजनेस पार्क विकसित करना है। इन पार्कों में आईटी, आईटीईएस, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी), स्टार्टअप, अनुसंधान एवं विकास तथा अन्य सेवा क्षेत्र की कंपनियों को जगह मिलेगी। इससे प्रदेश में नई कंपनियों के आने और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

*निजी निवेश से विकसित होंगे बिजनेस पार्क*

योजना के तहत निजी डेवलपर्स को बिजनेस पार्क विकसित करने का अवसर दिया जाएगा। इसके लिए न्यूनतम 10 एकड़ के भूमि पार्सल का प्रावधान किया गया है। परियोजनाओं का विकास डिजाइन, निर्माण, वित्त, संचालन एवं हस्तांतरण (DBFOT) मॉडल पर होगा। डेवलपर को 45 वर्ष की रियायत अवधि मिलेगी, जिसे निर्धारित शर्तों के तहत अगले 45 वर्षों तक बढ़ाया जा सकेगा।

योजना में निवेशकों के चयन के लिए वित्तीय और तकनीकी पात्रता भी तय की गई है। इसमें न्यूनतम 1,000 करोड़ रुपये की नेटवर्थ और पिछले तीन वित्तीय वर्षों में औसतन 500 करोड़ रुपये का वार्षिक टर्नओवर रखने वाले निवेशकों को पात्रता के दायरे में रखा गया है। साथ ही संबंधित क्षेत्र में परियोजना विकास और प्रबंधन का अनुभव भी जरूरी होगा।

*आईटी और सेवा क्षेत्र की कंपनियों को प्राथमिकता*

बिजनेस पार्क में कम से कम 50 प्रतिशत क्षेत्र आईटी, आईटीईएस, जीसीसी और नॉलेज आधारित गतिविधियों के लिए निर्धारित करने की व्यवस्था है। वहीं, फूड कोर्ट, रिटेल आउटलेट और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए अधिकतम 10 प्रतिशत क्षेत्र रखा जा सकेगा। इसके अतिरिक्त प्रशिक्षण और कौशल विकास जैसी सुविधाओं के विकास का भी प्रावधान है।

इस व्यवस्था से एक ही परिसर में कंपनियों को कार्यालय, पार्किंग, आंतरिक सड़क, बिजली, पानी और अन्य जरूरी सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे कंपनियों को अपना कारोबार शुरू करने और संचालित करने में सहूलियत होगी।

*सरकार और डेवलपर के बीच होगी राजस्व साझेदारी*

योजना में सरकार और निजी डेवलपर के बीच राजस्व साझेदारी का भी प्रावधान किया गया है। इसके तहत पांच प्रतिशत अपफ्रंट लैंड प्रीमियम और सात प्रतिशत राजस्व भागीदारी जैसे मानक निर्धारित किए गए हैं। प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के माध्यम से डेवलपर का चयन किया जाएगा।

दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार प्रदेश में निवेश के लिए बेहतर माहौल तैयार करने के साथ औद्योगिक विकास को नए क्षेत्रों तक पहुंचाने पर जोर दे रही है। एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और औद्योगिक कॉरिडोर के विकास के साथ अब आधुनिक बिजनेस पार्क की यह पहल प्रदेश में आईटी और सेवा क्षेत्र के निवेश को आकर्षित करने में मददगार हो सकती है।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button