लखनऊ: 43 प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर्स ने किया यूपी-112 मुख्यालय का भ्रमण

लखनऊ स्थित यूपी-112 मुख्यालय में 43 प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टरों ने शैक्षणिक भ्रमण कर प्रदेश की अत्याधुनिक आपातकालीन सेवा प्रणाली की कार्यप्रणाली को करीब से जाना। इस दौरान अधिकारियों को इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर, कॉल रिसीविंग सिस्टम, कंप्यूटर एडेड डिस्पैच (CAD), जीपीएस आधारित वाहन ट्रैकिंग और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षुओं ने यह भी समझा कि किस प्रकार पुलिस, एंबुलेंस और अन्य आपात सेवाओं के बीच समन्वय स्थापित कर कम से कम समय में लोगों तक सहायता पहुंचाई जाती है।
भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने यूपी-112 के तकनीकी ढांचे, डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम और शिकायतों के त्वरित निस्तारण की प्रक्रिया का अवलोकन किया। प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टरों को बताया गया कि आधुनिक तकनीक और प्रभावी समन्वय के माध्यम से यूपी-112 प्रदेश में नागरिकों को 24×7 त्वरित सहायता उपलब्ध करा रहा है। इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य भावी प्रशासनिक अधिकारियों को आपदा प्रबंधन, कानून-व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं के समन्वित संचालन की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना है।



