दिल्ली में प्रदूषण का कहर, 22 इलाकों में AQI 400 पार

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। दिवाली से पहले ही राजधानी की हवा बेहद खराब हो गई है। गुरुवार, 5 नवंबर को लगातार चौथे दिन दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 368 रहा। वहीं, जहांगीरपुरी सबसे प्रदूषित इलाकों में रहा, जहां AQI 459 दर्ज किया गया। इससे पहले बुधवार को दिल्ली के 59 मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 22 पर AQI 400 के पार पहुंच गया था।
जहांगीरपुरी में सबसे ज्यादा प्रदूषण
दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में पहुंच गया है। गुरुवार सुबह जहांगीरपुरी में AQI 459 दर्ज किया गया। इसके अलावा आईआईटी दिल्ली और पंजाबी बाग में भी AQI 447 और 446 के आसपास रहा। अलीपुर, बवाना, मुंडका, नरेला, रोहिणी और आरके पुरम जैसे इलाकों में भी हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई। प्रदूषण के कारण राजधानी के कई हिस्सों में धुंध की मोटी चादर छाई हुई है।
दिवाली से पहले और बिगड़ सकती है हवा
दिवाली से पहले दिल्ली की वायु गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ गई है। एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के पूर्वानुमान के मुताबिक, 6 और 7 नवंबर को राजधानी की हवा गंभीर श्रेणी में पहुंच सकती है। त्योहार के दौरान पटाखों से निकलने वाला धुआं प्रदूषण को और बढ़ा सकता है। इसके अलावा वाहनों से निकलने वाला धुआं, औद्योगिक उत्सर्जन, निर्माण कार्यों की धूल और पराली जलाने की घटनाएं भी प्रदूषण के प्रमुख कारणों में शामिल हैं।
प्रदूषण से बचने के लिए बरतें सावधानी
लगातार बढ़ते प्रदूषण के बीच लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को अधिक सावधानी बरतनी चाहिए। AQI ज्यादा होने पर सुबह और शाम के समय खुले में टहलने और व्यायाम करने से बचें। जरूरत पड़ने पर अच्छी फिटिंग वाला N95 मास्क इस्तेमाल करें। घर के अंदर धूल और धुएं को कम रखने का प्रयास करें और आंखों में जलन, खांसी या सांस लेने में परेशानी होने पर डॉक्टर से सलाह लें।
AQI की श्रेणियां समझें:
| AQI स्तर | हवा की गुणवत्ता |
|---|---|
| 0–50 | अच्छी |
| 51–100 | संतोषजनक |
| 101–200 | मध्यम |
| 201–300 | खराब |
| 301–400 | बेहद खराब |
| 401–500 | गंभीर |
