उत्तर प्रदेशलखनऊ

‘पीएम सूर्य घर योजना’ को बढ़ावा देने के लिए अयोध्या, वाराणसी व गोरखपुर में चलेगा बड़ा अभियान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार केन्द्र की महत्वाकांक्षी ‘पीएम सूर्य घर योजना’ को बढ़ावा देने के लिये अयोध्या, वाराणसी और गोरखपुर में जल्द ही बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान चलाएगी। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि केन्द्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘पीएम सूर्य घर योजना’ के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिये अयोध्या, वाराणसी और गोरखपुर में जल्द ही बड़े स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मुहिम ‘इन्टीग्रेटेड मार्केटिंग कम्यूनिकेशंस (आईएमसी) मॉड्यूल’ पर आधारित होगी। उन्होंने बताया कि दो महीने तक चलने वाले इस अभियान के लिये तैयार की गयी कार्ययोजना पर उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा अभिकरण (यूपीनेडा) ने काम शुरू कर दिया है तथा इस वृहद अभियान के संचालन के लिए दो करोड़ रुपए खर्च किये जाएंगे।

प्रवक्ता का कहना था कि इस अभियान के तहत प्रमुख स्थानों पर बैनर, बिलबोर्ड लगाने, बूथ कैंप लगाने, विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और स्कूलों में कार्यक्रम और गतिविधियां कराने के साथ-साथ पर्चे भी बांटे जाएंगे। उन्होंने बताया कि तीनों शहरों में सौर मेलों का भी आयोजन किया जाएगा जिसके जरिए केंद्र और राज्य की सौर एवं अन्य प्रकार की अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने वाली योजनाओं से आम जनता को अवगत कराया जाएगा। अयोध्या और वाराणसी को पहले से ही सौर सिटी के तौर पर विकसित करने की प्रक्रिया जारी है, ऐसे में व्यापक अभियान के जरिए अब गोरखपुर में भी सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और व्यापक प्रचार-प्रसार का मार्ग प्रशस्त हो गया है। प्रवक्ता ने बताया कि अभियान के तहत उद्योग मंडलों, बार एसोसिएशन, रेड क्रॉस और सिविल सोसाइटीज में कार्यक्रमों के माध्यम से जागरूकता फैलाई जाएगी।

उनके मुताबिक इसके अलावा काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), अवध विश्वविद्यालय, दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय तथा अन्य प्रसिद्ध कॉलेजों एवं स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। पीएम सूर्य घर मुफ़्त बिजली योजना एक सरकारी योजना है जिसका उद्देश्य भारत में घरों को मुफ़्त बिजली उपलब्ध कराना है। इस योजना की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसी साल 15 फरवरी को की थी। इस योजना के तहत घरों को अपनी छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए अनुदान दिया जाएगा। इस योजना से पूरे देश में एक करोड़ घरों को फायदा मिलने की उम्मीद है।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button