यूपी में खादी को मिलेगा बढ़ावा, प्राइम लोकेशन्स पर खुलेंगे नए स्टोर

उत्तर प्रदेश सरकार राज्य में खादी के दायरे का विस्तार करने की दिशा में नई पहल कर रही है। खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रमुख शहरों और व्यावसायिक क्षेत्रों का सर्वे कर प्राइम लोकेशन्स पर नए खादी स्टोर खोले जाएं। इसका उद्देश्य खादी उत्पादों की पहुंच बढ़ाना और उनकी बिक्री को प्रोत्साहित करना है।
सरकार का मानना है कि बेहतर स्थानों पर नए स्टोर खुलने से खादी उत्पादों की मांग बढ़ेगी और स्थानीय बुनकरों, कारीगरों तथा ग्रामोद्योग से जुड़े लोगों को आर्थिक लाभ मिलेगा। इसके साथ ही युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होने की उम्मीद है।
खादी को आधुनिक बाजार की जरूरतों के अनुरूप बढ़ावा देने के लिए उत्पादों की गुणवत्ता, डिजाइन और विपणन रणनीति पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार चाहती है कि पारंपरिक खादी को नए उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाए और इसे एक आधुनिक तथा आकर्षक ब्रांड के रूप में स्थापित किया जाए।
योगी सरकार की यह पहल ‘वोकल फॉर लोकल’ और आत्मनिर्भर भारत अभियान को भी मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे खादी उद्योग के विस्तार के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।



