यूपी के 3 शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026

शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए उत्तर प्रदेश के तीन शिक्षकों का चयन राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए हुआ है। देशभर से चयनित 48 शिक्षकों की सूची में यूपी के इन तीन शिक्षकों को जगह मिली है। इस उपलब्धि से प्रदेश के शिक्षा जगत में खुशी का माहौल है।
कौशाम्बी की शिक्षिका शालिनी कुशवाहा, बलिया के राजकीय इंटर कॉलेज के शिक्षक इफ्तिखार खान और गाजियाबाद की राजकीय इंटर कॉलेज की शिक्षिका रेनू त्रिपाठी को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया है।
इन शिक्षकों ने शिक्षण व्यवस्था में नवाचार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में उल्लेखनीय प्रयास किए हैं। उनके काम को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलना प्रदेश के लिए गौरव की बात मानी जा रही है।
बलिया के शिक्षक डा. इफ्तिखार खान ने फाइन आर्ट और नवाचार के जरिए विद्यार्थियों में रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए अलग पहचान बनाई है। उनके चयन की खबर से बलिया के शिक्षा जगत में भी खुशी है।
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयन शिक्षकों के समर्पण और बेहतर शिक्षण पद्धतियों को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इन शिक्षकों की उपलब्धि अन्य शिक्षकों को भी शिक्षा के क्षेत्र में नए प्रयोग और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी।



