उत्तर प्रदेशबड़ी खबर
यूपी में आयुष्मान योजना अस्पतालों का भुगतान फिर शुरू, 100 करोड़ जारी


उत्तर प्रदेश में आयुष्मान भारत योजना के तहत सूचीबद्ध अस्पतालों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। तकनीकी दिक्कत दूर होने के बाद अस्पतालों का रुका हुआ भुगतान फिर से शुरू कर दिया गया है। राज्य सरकार ने 23 मई को 100 करोड़ रुपये जारी किए हैं, जबकि बाकी राशि भी जल्द जारी किए जाने की तैयारी है।
जानकारी के मुताबिक 14 मई से 22 मई के बीच नेशनल हेल्थ अथॉरिटी (NHA) और बैंकों के बीच भुगतान प्रक्रिया में तकनीकी समस्या आने के कारण करीब 633 करोड़ रुपये का भुगतान अटक गया था। इससे सरकारी और निजी अस्पतालों को क्लेम राशि मिलने में देरी हो रही थी।
सरकार का कहना है कि तकनीकी समस्या पूरी तरह ठीक कर ली गई है और अब चरणबद्ध तरीके से अस्पतालों को भुगतान भेजा जा रहा है, ताकि मरीजों के इलाज और स्वास्थ्य सेवाओं पर कोई असर न पड़े।