दिल्ली में UPITS 2025 का रोडशो संपन्न, 25 सितंबर से ग्रेटर नोएडा में मुख्य आयोजन

उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री राकेश सचान की अध्यक्षता में “उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2025” का दिल्ली में सफल रोडशो आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में निवेशकों, उद्योगपतियों और व्यापारिक संगठनों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
मंत्री राकेश सचान ने यूपी की औद्योगिक संभावनाओं को रेखांकित करते हुए कहा कि राज्य अब देश का नया ग्रोथ इंजन बनता जा रहा है। उन्होंने उद्योग जगत से आगामी 25 से 29 सितंबर 2025 तक ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले मुख्य आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
UPITS 2025 का उद्देश्य उत्तर प्रदेश को वैश्विक व्यापार केंद्र के रूप में स्थापित करना है। रोडशो में विशेष रूप से MSME, टेक्सटाइल, कृषि, फार्मा, इलेक्ट्रॉनिक्स और पर्यटन क्षेत्र में निवेश के अवसरों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया।
इस मौके पर कई निवेशकों ने प्रदेश सरकार की नीतियों की सराहना की और ग्रेटर नोएडा में होने वाले मेगा इवेंट के लिए उत्सुकता जताई। माना जा रहा है कि यह आयोजन राज्य में रोजगार, निवेश और व्यापारिक अवसरों को नई ऊंचाई देगा।



