60 जिलों में शुरू हुई यूपी टीईटी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

उत्तर प्रदेश के 60 जिलों में तीन दिवसीय यूपी शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 का आयोजन शुरू हो गया है। परीक्षा राज्यभर के 955 परीक्षा केंद्रों पर कराई जा रही है, जहां लाखों अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए सभी केंद्रों पर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। अभ्यर्थियों को प्रवेश से पहले सघन तलाशी, पहचान पत्र का सत्यापन और एडमिट कार्ड की जांच जैसी प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ रहा है।
परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और उड़नदस्तों की तैनाती की गई है। आयोग और जिला प्रशासन ने सभी केंद्रों को समय से खोलने, जैमर एवं अन्य सुरक्षा उपायों को प्रभावी रखने तथा परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने, वैध फोटो पहचान पत्र और प्रवेश पत्र साथ लाने तथा परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।



