उत्तराखंड

सीएम धामी की बड़ी घोषणा, देहरादून में बनेगा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के शीशमबाड़ा स्थित एचएनबी चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने की योजना है। इसके लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महानवमी के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में चार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली रिसर्च लैब और 15 करोड़ रुपये के प्रशासनिक भवन का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार और नक्षत्र वाटिका का लोकार्पण भी किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि डॉक्टरों के कंधों पर मरीजों की जान बचाने के साथ-साथ उनके भरोसे को बनाए रखने की भी जिम्मेदारी होती है। चिकित्सा का पेशा केवल डिग्री हासिल करने या नौकरी करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें सेवा भावना, संवेदनशीलता और समर्पण की अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को बेहतर प्रशिक्षण देने के साथ उनके कौशल को विकसित करना भी जरूरी है, ताकि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

सीएम धामी ने कहा कि भावी डॉक्टर देश के भविष्य के कर्णधार हैं। ऐसे में चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करना और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एचएनबी चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी पाठ्यक्रमों की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ परीक्षाओं का निष्पक्ष और व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करना भी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में वर्तमान में पांच मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। इसके साथ ही जिला अस्पतालों को उच्चीकृत कर प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना और राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाना है। विश्वविद्यालय में प्रस्तावित सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल से भी भविष्य में उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक सहदेव पुंडीर, विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. भानु दुग्गल और निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button