उत्तराखंड

गढ़वाल के छह सहकारी बैंकों में BJP का क्लीन स्वीप

गढ़वाल मंडल के छह जिला सहकारी बैंकों के चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर निर्विरोध जीत दर्ज कर अपना दबदबा कायम किया है। देहरादून, चमोली, उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल और हरिद्वार में अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए।

देहरादून जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद पर मनजीत रावत, चमोली में गजेंद्र सिंह रावत, उत्तरकाशी में शारदा राणा, पौड़ी गढ़वाल में पंकज रावत, टिहरी गढ़वाल में सुभाष चंद्र रमोला और हरिद्वार में विजेंद्र चौधरी निर्विरोध निर्वाचित हुए। वहीं छहों बैंकों में उपाध्यक्ष पद पर भी भाजपा समर्थित प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ।

सहकारिता चुनाव में पहली बार महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया है। उत्तरकाशी, अल्मोड़ा और ऊधम सिंह नगर जिला सहकारी बैंकों में अध्यक्ष पद महिलाओं के लिए आरक्षित रखा गया है। उत्तरकाशी से शारदा राणा का निर्विरोध निर्वाचन इस लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत ने सभी निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित प्रतिनिधि सहकारिता आंदोलन को नई दिशा और गति देने का काम करेंगे। भाजपा नेताओं ने गढ़वाल मंडल में मिली इस सफलता को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

जिला सहकारी बैंक चुनाव दो चरणों में आयोजित किए जा रहे हैं। पहले चरण में गढ़वाल मंडल के छह जिला सहकारी बैंकों के चुनाव पूरे हो चुके हैं। अब कुमाऊं मंडल में जिला सहकारी बैंकों के चुनाव 10 और 11 सितंबर को होने हैं।

गढ़वाल में सभी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर निर्विरोध निर्वाचन के बाद भाजपा का संगठनात्मक उत्साह बढ़ा है। पार्टी नेतृत्व इसे सहकारिता क्षेत्र में अपनी मजबूत पकड़ के तौर पर देख रहा है। वहीं आगामी कुमाऊं मंडल के चुनावों पर भी अब राजनीतिक दलों की नजर रहेगी।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button